'ऊपरवाले की मंशा कुछ और', दिल्ली में AAP की हार पर बोले केजरीवाल, कहा-अब करेंगे पंजाब पर फोकस
Arvind Kejriwal: दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का हौसला बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हार-जीत राजनीति का हिस्सा है और इससे घबराने की जरूरत नहीं है।
केजरीवाल ने अपने आवास पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और कहा कि अब जो भी उनसे मिलने आए, वह हंसते हुए आए, उदास नहीं। उन्होंने कहा कि अब AAP का फोकस पंजाब पर होगा।

'ऊपरवाले की मंशा कुछ और थी'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 10 साल तक दिल्ली की सेवा करने का अवसर उन्हें मिला, जो किसी चमत्कार से कम नहीं था।
उन्होंने कहा, "ऊपरवाले ने हमें सत्ता सौंपी और अब उसकी मंशा कुछ और थी। 2010 में कोई मुझे जानता भी नहीं था, 2011 में अन्ना आंदोलन हुआ, 2012 में पार्टी बनी और 2013 में सरकार बन गई। एक नई पार्टी का आकर सरकार बना लेना किसी को भी अविश्वसनीय लगता था।"
'हमने पूरी मेहनत की, कोई कसर नहीं छोड़ी'
केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने चुनाव में पूरी मेहनत की और कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ताओं को डराने, धमकाने और लालच देने की कोशिश की गई, लेकिन वे डटे रहे। "हमने यह दिखा दिया कि बिना पैसे और बिना गुंडागर्दी के भी चुनाव जीता जा सकता है।"
'सेवा बंद नहीं होनी चाहिए'
केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया कि वे बिना सत्ता के भी जनता की सेवा करते रहें। उन्होंने कहा, "अगर किसी को अस्पताल में भर्ती कराना हो, स्कूल में दाखिला कराना हो, तो पूरी मदद करें। सेवा में कमी नहीं आनी चाहिए। चुनाव आते-जाते रहेंगे, लेकिन हमें हमेशा हिम्मत बनाए रखनी है।"
अब पंजाब पर फोकस
दिल्ली चुनाव में हार के बाद केजरीवाल ने कहा कि अब पार्टी का पूरा ध्यान पंजाब पर होगा। उन्होंने कहा, "अब मैं आप सबको पंजाब लेकर चलूंगा। हार में भी और जीत में भी हमारे हौसले बुलंद रहने चाहिए।"
'जो भी मिले, मुस्कुराते हुए मिले'
केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निराश न हों और हमेशा खुश रहें। उन्होंने कहा, "अब जो भी मेरे घर आए, वह मुस्कुराते हुए आए। मायूस होने की जरूरत नहीं, हमें आगे बढ़ते रहना है।" इस संदेश के जरिए केजरीवाल ने अपनी पार्टी को एकजुट रखने और भविष्य की रणनीति पर ध्यान देने का इशारा दिया है
दिल्ली से जुड़ी अन्य खबरें












Click it and Unblock the Notifications