Omicron in Delhi: केजरीवाल ने किया दिल्ली में नए प्रतिबंधों का ऐलान, येलो अलर्ट लागू
दिल्ली में ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे को देखते हुए अरविंद केजरीवाल ने नए प्रतिबंधों का ऐलान कर दिया है।
नई दिल्ली, 28 दिसंबर: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में नए प्रतिबंधों का ऐलान कर दिया है। अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कोरोना वायरस के हालात को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की, जिसके बाद दिल्ली में येलो अलर्ट जारी करने का फैसला लिया गया। बैठक के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 0.5 फीसदी से ऊपर पहुंच गया है, इसलिए हम यहां ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान के लेवल-I (येलो अलर्ट) को लागू कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में नए प्रतिबंधों को लेकर बहुत जल्द एक विस्तृत आदेश जारी किए जाएगा।

कब लागू किया जाता है येलो अलर्ट?
आपको बता दें कि येलो अलर्ट उस वक्त जारी किया जाता है, जब लगातार दो दिनों तक कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 0.5 प्रतिशत से ज्यादा रहता है। सोमवार को दिल्ली में कोरोना वायरस के 331 नए मामले दर्ज किए गए, जो इस साल 9 जून के बाद एक दिन में दैनिक मरीजों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इसके अलावा सोमवार को दिल्ली में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 0.68 फीसदी और रविवार को 0.55 फीसदी रिकॉर्ड किया गया।

येलो अलर्ट में क्या प्रतिबंध लागू होंगे?
दिल्ली में येलो अलर्ट लागू होने के बाद नाइट कर्फ्यू के अलावा स्कूल-कॉलेज बंद करने, गैर जरूरी सामानों की दुकानों को एक दिन के अंतर से खोलने, सार्वजनिक परिवहन और मेट्रो के अंदर लोगों के बैठने की क्षमता घटाने जैसे प्रतिबंध लागू हो जाएंगे। केजरीवाल सरकार दिल्ली में पहले से ही नाइट कर्फ्यू को लागू कर चुकी है, जो रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक मान्य रहेगा।

दिल्ली में तेजी से बढ़े ओमिक्रॉन के मरीज
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामले दिल्ली में तेजी से बढ़े हैं, जिसके बाद केजरीवाल सरकार ने कई कदम उठाए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक अब तक देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 653 मरीज मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा मरीज दिल्ली और महाराष्ट्र में ही सामने आए हैं।
ये भी पढ़ें- टीएमसी सांसद डेरेक ओ'ब्रायन कोरोना वायरस से संक्रमित, ट्वीट कर दी जानकारी











Click it and Unblock the Notifications