दिल्ली: मोहम्मदपुर गांव का नाम बदलकर माधवपुरम रखने के प्रस्ताव को MCD से अग्रिम मंजूरी
नई दिल्ली, 26 अगस्त: उत्तर प्रदेश में हाल ही में कई शहरों और इलाकों के नाम बदलने का प्रस्ताव आया था। जिस पर जमकर राजनीति हुई। अब इसी तरह का मामला राजधानी दिल्ली से सामने आया है, जहां दक्षिणी दिल्ली में स्थित मोहम्मदपुर गांव का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। ऐसे में अब उस इलाके को माधवपुरम नाम से जाना जाएगा। बीजेपी पार्षद लंबे वक्त से इसकी मांग भी कर रहे थे।

दरअसल मुनिरका के पार्षद भगत सिंह टोकस ने दक्षिण दिल्ली के मोहम्मदपुर गांव का नाम बदलकर माधवपुरम करने के प्रस्ताव का समर्थन किया था। इसके बाद इसे जोनल मीटिंग में रखा गया, जो वहां से पास हो गया। फिर ये प्रस्ताव नगर निगम की नामकरण समिति के पास गया था। मामले में गुरुवार को दक्षिण दिल्ली नगर निगम के मेयर मुकेश सूर्यन ने कहा कि मोहम्मदपुर गांव का नाम "माधवपुरम" करने के प्रस्ताव को अग्रिम मंजूरी दे दी गई है।
बीजेपी ने कही ये बात
जब प्रस्ताव रखा गया था तभी बीजेपी ने खुलकर उसका समर्थन किया था। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के मुताबिक अगर क्षेत्र में हिंदू बहुसंख्यक हैं और उनकी मांग नाम बदलने की है तो इसे बदल देना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि अगर किसी ने हम पर राज किया और उसने एक नाम हम पर थोप दिया, तो वक्त रहते उसे बदल देना चाहिए। अतीत में भी ऐसा कई बार किया जा चुका है।
अलीगढ़ का नाम बदला जा रहा
वहीं यूपी के अलीगढ़ का नाम बदलने की प्रक्रिया जारी है। कुछ दिनों पहले अलीगढ़ जिला पंचायत ने एक प्रस्ताव पास किया था, जिसमें अलीगढ़ का नाम हरिनगर करने की बात कही गयी थी। इसे अब सरकार के पास भेजा गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि योगी सरकार जल्द ही इस पर मुहर लगा देगी। वहीं अलीगढ़ एयरपोर्ट का नाम भी कल्याण सिंह के नाम पर रखने का प्रस्ताव राज्य सरकार के पास गया है।












Click it and Unblock the Notifications