'जंगलराज' जैसे हालात पैदा करने की कोशिश, ऑक्सीजन की किल्लत पर दिल्ली के डिप्टी सीएम ने केंद्र को लिखा खत
नई दिल्ली, 22 अप्रैल: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने राजधानी के अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन को खत लिखा है, जिसमें हरियाणा और यूपी जैसे राज्यों पर जंगलराज जैसी स्थिति पैदा करने के आरोप लगाए गए हैं। सिसोदिया ने अपनी चिट्ठी के साथ 22 अस्पतालों की लिस्ट भी लगाई है, जिनमें से 6 में पूरी तरह से ऑक्सीजन खत्म हो जाने की बात कही गई है और बाकी में भी कुछ ही घंटों का ऑक्सीजन बचे होने का दावा किया गया है। सिसोदिया का आरोप है कि यूपी और हरियाणा प्रशासन उन राज्यों में मौजूद ऑक्सीजन प्लांट में पुलिस को बिठाकर दिल्ली को पहुंचने वाली ऑक्सीजन सप्लाई रोक रहा है।

Recommended Video
जंगलराज जैसे हालात बनाने की कोशिश-मनीष सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया है कि केंद्र सरकार ने दिल्ली के ऑक्सीजन का कोटा तो 480 मी. टन तो कर दिया है, लेकिन दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि ऑक्सीजन को लेकर कुछ राज्य सरकारें जंगलराज की स्थिति पैदा कर रही हैं। उन्होंने हरियाणा और उत्तर प्रदेश का नाम लेकर लिखा है कि वो ऑक्सीजन प्लांट्स में वरिष्ठ अफसरों और पुलिस के लोगों को बिठाकर दूसरे राज्यों की ओर जाने वाली ऑक्सीजन को अपने कब्जे में ले लिया है। उनके मुताबिक इसके चलते केंद्र की ओर से निर्धारित कोटे का ऑक्सीजन भी दिल्ली तक नहीं पहुंच पा रही है।

ऑक्सीजन प्लांट को पुलिस कब्जे में कर चुकी है- सिसोदिया
सिसोदिया ने बताया कि उन्होंने खुद ही पानीपत के एयर लिक्विड के अधिकारी से बात की है, जिन्होंने बताया कि कल हरियाणा सरकार के अधिकारियों ने दिल्ली की ओर ऑक्सीजन लेकर जाने वाले ट्रकों को रोके रखा। इसके चलते वहां से 140 मी. टन की जगह सिर्फ 83 मी. टन ऑक्सीजन की सप्लाई ही दिल्ली के अस्पतालों तक पहुंच पाई। आज भी वहां पुलिस तैनात है और मुश्किल से दिल्ली के लिए 58 मी. टन ऑक्सीजन ही निकल पाई है।
ऑक्सीजन की सप्लाई सुनिश्चित करवाए केंद्र-दिल्ली सरकार
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने चिट्ठी में आगे आरोप लगाया है कि दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित मोदी नगर स्थित आईनॉक्स प्लांट पर भी पुलिस ने कब्जा कर लिया था और दिल्ली के लिए ऑक्सीजन निकलने में दिक्कत हुई थी। आज भी यह प्लांट दिल्ली के काफी अस्पतालों को निर्धारित ऑक्सीजन की आपूर्ति नहीं कर पाया है। इसके चलते कई अस्पतालों में या तो ऑक्सीजन लगभग खत्म हो चुकी है या फिर कुछ घंटों में ही खत्म होने वाली है। उन्होंने दिन के 1 बजे तक का अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता की एक सूची भी लगाई है, जिसके मुताबिक 6 अस्पतालों में ऑक्सीजन लगभग खत्म हो चुकी थी और बाकी 16 में भी कुछ ही घंटे का स्टॉक बचा हुआ था। उन्होंने डॉक्टर हर्षवर्धन से गुजारिश की है कि वह दिल्ली के अस्पतालों को ऑक्सीजन उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। जिन अस्पतालों में ऑक्सीजन पूरी तरह खत्म हो चुकी थी वे हैं- राठी हॉस्पिटल, सैनटॉम हॉस्पिटल,सरोज सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, शांति मुकुंद, तीरथ राम शाह हॉस्पिटल और यूके नर्सिंग होम।













Click it and Unblock the Notifications