दिल्ली: 'वॉकथॉन-वॉक फॉर केजरीवाल' कार्यक्रम में जुटे AAP कार्यकर्ता, CM की गिरफ्तारी का किया विरोध
आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ 'वॉकथॉन-वॉक फॉर केजरीवाल' कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में आप कार्यकर्ता शामिल हुए।
आप कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध किया। उन्होंने कहा कि तानाशाह सरकार ने दिल्ली के लोकप्रिय मुख्यमंत्री को बिना किसी सबूत के जेल में डाल दिया है।

इस दौरान दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता गोपाल राय ने कहा कि जिस तरह से भाजपा की सरकार ने दिल्ली के प्रचंड बहुमत से चुने हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बिना किसी सबूत के, बिना किसी एफआईआर के इस चुनाव के बीच उठाकर जेल में डाला है, इसे लेकर दिल्ली के लोगों में बहुत नाराजगी है।
गोपाल राय ने कहा कि समाज का हर तबका इस बात से दुखी है कि आखिर भाजपा अपने काम के आधार पर वोट मांगने की जगह काम करने वाले मुख्यमंत्री को उठाकर जेल में क्यों डाल रही है? AAP के कार्यकर्ता और युवा अलग-अलग तरीके से इस जेल का विरोध कर रहे हैं और 25 मई की तैयारी कर रहे हैं कि वोट की ताकत से हम जेल का जवाब देंगे।
बता दें कि लोकसभा चुनाव शुरू हो गया है। दो चरणों के मतदान संपन्न हो चुके हैं। इस बार कुल सात चरणों में मतदान होंगे। वहीं, अब पांच चरणों के मतदान बाकी है। तीसरे चरण का मतदान मंगलवार यानी 7 मई को होगा। दिल्ली में 25 मई को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
यह भी पढ़ें- AAP ने जारी की दिल्ली और हरियाणा के स्टार प्रचारकों की लिस्ट, केजरीवाल और मनीष सिसोदिया का नाम भी है शामिल












Click it and Unblock the Notifications