'अमित शाह जी ने दिल्ली को क्राइम कैपिटल बना दिया', अरविंद केजरीवाल ने BJP पर बोला हमला
Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक बार फिर बीजेपी पर हमला बोला। केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी ने दिल्ली को भारत की अपराध राजधानी बना दिया है। दिल्ली में चोरी, चेन स्नैचिंग और गैंगवार जैसे अपराधों में इज़ाफा हुआ है और अब महिलाओं के लिए घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
केजरीवाल ने कहा, "बीजेपी अब धरना पार्टी बन गई है। मैंने चुनाव आयोग में शिकायत की है कि बीजेपी रोहिंग्याओं के नाम पर पुरवांचल के लोगों के वोट काट रही है।" उन्होंने आगे कहा, "बीजेपी ने दिल्ली को अपराध की राजधानी बना दिया है। चोरी, चेन स्नैचिंग, गैंगवार हो रहे हैं; अब महिलाओं के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बीजेपी दिल्ली के लोगों से नफरत करती है। इसी नफरत के कारण वे पिछले 25 वर्षों से दिल्ली में सत्ता में नहीं लौट पाए हैं।"

आरडब्ल्यूए को लेकर की बड़ी घोषणा
अरविंद केजरीवाल ने दिल्लीवासियों को भरोसा दिलाया कि अगर AAP सरकार बनती है, तो आरडब्ल्यूए (रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन) को दिल्ली सरकार से फंड मिलेगा ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निजी सुरक्षा गार्ड नियुक्त कर सकें। उन्होंने यह भी कहा, "हमारा मकसद पुलिस को बदलना नहीं है।"
उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में फिर से AAP की सरकार बनी तो हर आरडब्ल्यूए को गार्ड नियुक्त करने के लिए उचित राशि दी जाएगी। तय किया जाएगा कि किस आरडब्ल्यूए को कितने गार्ड की जरूरत है। जैसे सीसीटीवी कैमरे लगाने से अपराधों की रोकथाम में राहत मिली, वैसे ही गार्ड रखने से भी अपराधों में कमी आएगी।
केजरीवाल ने भाजपा से पूछा सवाल
केजरीवाल ने बीजेपी से सवाल किया, "बीजेपी ने पिछले 10 सालों में दिल्ली के अनधिकृत कॉलोनियों के लिए क्या किया है? क्या उन्होंने एक भी सड़क, एक भी लेन बनाई है? उन्होंने इतनी ताकत और पैसा होने के बावजूद क्या किया? हमने इन कॉलोनियों में सीवर कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, पानी की पाइपलाइन, सीसीटीवी कैमरे लगाए। स्कूल, मोहल्ला क्लिनिक, अस्पताल खोले। मैंने इन्हें सम्मानपूर्ण जीवन दिया। बीजेपी ने इसके अलावा क्या किया है सिवाय गंदे राजनीति के?"
गृहमंत्री अमित शाह पर साधा निशाना
केजरीवाल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए बीजेपी पर हमला बोला और कहा, "इन्हें लड़ने, धरना प्रदर्शन करने और बेकार के मुद्दे बनाने के अलावा कोई काम नहीं है। जनता के लिए इन्होंने कभी कुछ नहीं किया, इसीलिए जनता इन्हें चुनावों में वोट नहीं देती।" उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में अपराध इतना बढ़ चुका है कि लोग दहशत में जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली में किसी को तकलीफ होती है तो केजरीवाल के दिल में दर्द होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराध बढ़ रहा है, लेकिन अमित शाह कुछ नहीं कर रहे हैं।
संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज ने भी बोला हमला
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह और सौरभ भारद्वाज ने भी बीजेपी पर हमला बोला। संजय सिंह ने बीजेपी नेताओं पर वोट खरीदने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को बांटने के लिए बीजेपी नेताओं को ऊपर से 10-10 हजार रुपये मिले थे, लेकिन इनमें से 9-9 हजार रुपये अपनी जेब में रखते हुए पार्टी नेताओं ने मतदाताओं को सिर्फ 1,000 या 1,100 रुपये ही दिए।
आप नेताओं के मुताबिक, बीजेपी नेताओं ने भ्रष्टाचार किया है। संजय सिंह ने कहा, "ये कुछ भी कर लें लेकिन अरविंद केजरीवाल के सामने चुनाव नहीं जीत पाएंगे।" उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जब बीजेपी नेता वोट मांगने आएं तो उनसे अपने हिस्से के बाकी 9 हजार रुपये भी मांगें।












Click it and Unblock the Notifications