आप विधायक बोलीं- दिल्ली के एलजी हमेशा बहू से गुस्सा रहने वाली सास जैसे
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की विधायक राखी बिड़लान ने कहा है कि दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल आप सरकार के साथ एक ऐसी सास की तरह से बर्ताव कर रहे हैं, जो कभी बहू से खुश नहीं रहती। दिल्ली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर राखी बिड़लान ने बजट सत्र के तीसरे दिन चर्चा के दौरान कहा कि एलजी ऐसी सास की तरह काम कर रहे हैं जो कभी भी अपने बहू से खुश नहीं रहती है। वहीं दिल्ली के अफसरों को उन्होंने एक 'बुरी नंद' बताया, जिसका ध्यान भाबी को परेशान करन पर रहता है। बिड़लान ने कहा कि उप राज्यपाल सरकार के हर काम में बस नुक्स निकालने का ही काम कर रहे हैं। वो अपना ध्यान आप सरकार के कामों को रोकने पर लगा रहे हैं।

सदन में राखी के बयान पर भाजपा की ओर से आपत्ति जताई है। विजेंदर गुप्ता ने कहा है कि राखी बिड़लान ने जो बयान दिया है उससे साफ है कि दिल्ली सरकार अधिकारियों से टकराव चाहती है और काम करने में उसकी दिलचस्पी नहीं है। गुप्ता ने कहा कि आप सरकार लगातार कभी किसी से तो कभी किसी से भिड़ती रही है और काम के मुद्दे पर नाकामयाब रही है। वो अपनी नाकामी छुपाने को अधिकारियों और एलजी पर निशाना साधती है।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद केंद्र की भाजपा सरकार और उपराज्यपाल से उसका टकराव होता रहा है। दिल्ली सरकार लगातार केंद्र पर काम ना करने देने का आरोप लगाती रही है। वहीं कुछ समय पहले दिल्ली के मुख्य सचिव ने कथित तौर पर आप विधायकों पर मारपीट के आरोप लगाए थे। जिसके बाद दिल्ली के अफसर और सरकार आमने-सामने आ गए थे।












Click it and Unblock the Notifications