दिल्ली भाजपा सरकार की अटल कैंटीनों को लेकर AAP ने लगाया गंभीर आरोप
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने अटल कैंटीन को लेकर भाजपा सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में अटल कैंटीन सिर्फ कागजों में चल रही हैं, ज़मीन पर हकीकत कुछ और ही है। अब तक किए गए फैक्ट चेक में शालीमार बाग और पीतमपुरा के बाद शकूर बस्ती और पंजाबी कैंप में भी अटल कैंटीन कागजों में ही चलती पाई गई हैं।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 45 अटल कैंटीन का उद्घाटन किया था, जबकि इससे पहले सरकार 100 अटल कैंटीन खोलने का दावा कर रही थी। उद्घाटन वाले दिन भी सिर्फ 45 कैंटीन की सूची जारी की गई। आम आदमी पार्टी ने उसी दिन शालीमार विधानसभा और पीतमपुरा में कागजों में उद्घाटन की गई कैंटीन का खुलासा किया था और अब नए फैक्ट चेक में शकूर बस्ती और पंजाबी कैंप की असलियत भी सामने आ गई है।

उन्होंने कहा कि जिन अटल कैंटीन को तीन दिन पहले चालू बताया गया है, वहां से अव्यवस्थाओं और लोगों को खाना न मिलने की शिकायतें आने लगी हैं। सौरभ भारद्वाज ने तंज कसते हुए कहा कि कैंटीन शुरू हुए अभी हफ्ता भी नहीं हुआ और हालात ऐसे हैं। भाजपा की यह "फुलेरा पंचायत" वाली सरकार अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम को भी इस फर्जीवाड़े से बदनाम कर रही है।
सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए बताया कि 25 दिसंबर को उन्होंने ऐसी दो कैंटीन दिखाई थीं, जिनका मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन कर दिया गया था, लेकिन वहां कैंटीन का नामोनिशान तक नहीं था। रविवार को आम आदमी पार्टी ने दो और कैंटीन की हकीकत दिल्ली की जनता के सामने रखी, जहां अब तक काम भी शुरू नहीं हुआ है, जबकि उद्घाटन 25 दिसंबर को ही हो चुका है।
वीडियो के मुताबिक, "आप" कार्यकर्ता दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शकूर बस्ती स्थित भगत सिंह कैंप पहुंचे, जो उद्घाटन की गई कैंटीन की सूची में शामिल है। लेकिन मौके पर कैंटीन बंद मिली और कोई गतिविधि नहीं दिखी। इसके बाद पीरागढ़ी स्थित पंजाबी कैंप का दौरा किया गया, जहां भी कैंटीन चालू नहीं थी। यहां बिना अनुमति पेड़ काटे गए और ग्रैप लागू होने के बावजूद निर्माण कार्य चलता मिला।
अंत में सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह भाजपा की चार इंजन वाली सरकार का सच है, जो अटल कैंटीन के नाम पर पेड़ों की कटाई कर रही है और दिल्ली की जनता के सामने झूठे दावे कर रही है। अगर यही हाल रहा तो आने वाले दिनों में ऐसे और भी फर्जीवाड़े सामने आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications