ओलंपिक में गोल्ड जीतने वाले दिल्ली के खिलाड़ियों को 3 करोड़ देगी केजरीवाल सरकार
नई दिल्ली, 9 जुलाई: जापान में इसी महीने शुरू हो रहे ओलंपिक खेलों में मेडल जीतने वाले दिल्ली के खिलाड़ियों के लिए आदमी पार्टी सरकार ने ईनाम की घोषणा की है। आप सरकार ने कहा है कि ओलंपिक में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने पर दिल्ली के खिलाड़ियों को 3 करोड़ रुपए की राशि ईनाम के तर पर दी जाएगी। इसके अलावा खिलाड़ियों के कोचों के लिए भी ईनाम का ऐलान किया गया है।

दिल्ली सरकार ने ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले राज्य के एथलीटों के लिए 3 करोड़ रुपए, रजत पदक जीतने वालों को 2 करोड़ और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाडी को 1 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पदक प्राप्त करने वाले एथलीटों के सभी कोचों को भी 10 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
जापान की राजधानी टोक्यो में 23 जुलाई से ओलंपिक खेलों का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें भारत के भी कई खिलाड़ी हिस्सा लेते नजर आएंगे। दिल्ली के चार एथलीट ओलंपिक में भाग लेंगे। ये एथलीट हैं- दीपक कुमार, मनिका बत्रा, अमोज जैकब और सार्थक भांबरी।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार शाम ट्वीट कर लिखा- टोक्यो ओलंपिक को ले कर दुनिया उत्साह में है। हर देश मेडल जीतना चाहता है। हमने भी इसी लिए DSU शुरू की है।आज दिल्ली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की वीसी कर्णम मल्लेश्वरी जी के साथ बैठक हुई। हमने उन्हें बताया कि ओलंपिक में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतने पर दिल्ली के खिलाड़ियों को केजरीवाल सरकार 3 करोड़ का इनाम देगी।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने सिसोदिया के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा- दिल्ली में हमारी कोशिश खेल प्रतिभाओं को वो मंच देने की है जहाँ उनके लिए अवसर से लेकर सुविधाओं तक की कोई कमी ना हो। हमारी यही प्रतिभाएँ भविष्य में ओलम्पिक मेडल जीतकर पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन करेंगी।
बता दें कि अगस्त 2018 में दिल्ली सरकार ने ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाले दिल्ली के खिलाड़ियों को मिलने वाली इनाम की राशि बढ़ाने का फैसला किया गया था। तभी ओलंपिक गोल्ड मेडल जीतने पर दिल्ली के खिलाड़ी को मिलने वाली इनाम की राशि एक करोड़ से बढ़ाकर 3 करोड़ किया गया था। दिल्ली सरकार एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने पर भी 1 करोड़ रुपए देती है।












Click it and Unblock the Notifications