प्रदूषण को कम करने के लिए AAP सरकार ने लाॅन्च किया 'दीये जलाओ, पटाखे नहीं कैंपेन'
Delhi Pollution News: आतिशी की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार ने दिवाली पर पटाखों से होने वाले वायु प्रदषण को पर रोक लगाने के लिए दिए जलाओ, पटाखे नहीं' कैंपेन की शुरूआत की है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने राजधानी के बाबरपुर बस टर्मिनल पर दीये जलाकर इस अभियान का आगाज किया। इस दौरान गोपाल राय ने कहा कि प्रदूषण कम करने के लिए जनभागीदारी अहम है।
दिल्लीवालों को दिये के साथ दीवाली मनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि 'दीये जलाओ, पटाखे नहीं' अभियान का उद्देश्य पटाखों जलाने से लोगों को रोकना है और दीये के साथ दिवाली मनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि दिवाली के अवसर पर पटाखों से होने वाले प्रदूषण से दिल्ली की हवा काफी जहरीली हो जाती है, जो यहां के लोगों के लिए खतरनाक है।

आप सरकार द्वारा सोमवार को बाबरपुर बस टर्मिनल पर पटाखों पर प्रतिबंध को लेकर जन जागरूकता फैलाने के लिए, 'दीये जलाओ पटाखे नहीं' कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यह जागरूकता अभियान दीपावली तक चलेगा।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा, दिवाली ऐसा समय है जब सबसे ज्यादा पटाखे जलाए जाते हैं। इसलिए पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री (ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिलीवरी सहित) तथा पटाखों को जलाने पर सरकार द्वारा पूर्ण पाबंदी लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि आज से पूरी दिल्ली के अंदर पटाखों के प्रदूषण रोकने के लिए 'दीये जलाओ,पटाखे नहीं' अभियान शुरू किया गया है। त्यौहार जिंदगी में उमंग लाने के लिए मनाया जाता है। इसलिए हमें सुनिश्चित करना चाहिए कि पटाखों का कम से कम इस्तेमाल हो। साथ ही उन्होंने बच्चों से अपील की है कि पटाखे नहीं, दीये जलाएं। इस मुहिम में रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) , पर्यावरण मित्र सहित सभी दिल्लीवासियों को शामिल किया जा रहा है। प्रत्येक नागरिक को प्रदूषण के खिलाफ इस मुहिम में साथ देना होगा। इसके लिए पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications