दिल्ली में आम आदमी पार्टी का मैं भी केजरीवाल अभियान, सीएम केजरीवाल के पक्ष में उतरे लोग
जिस तरह से एक-एक करके आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ कार्रवाई हुई और उन्हें जेल भेजा गया उसके बाद आम आदमी पार्टी लगातार भारतीय जनता पार्टी पर हमलावर है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का बेजा इस्तेमाल कर रही है और आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह, मनीष सिसोदिया सहित कई नेताओं को जेल भेज दिया गया है। ऐसे में पार्टी का आरोप है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी गिरफ्तार किया जा सकता है।

इसी को लेकर आम आदमी पार्टी दिल्ली में मैं भी केजरीवाल अभियान के तहत लोगों के घर-घर जाकर उनकी राय ले रही है और पूछ रही है कि अगर अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए या फिर जेल के भीतर से ही सरकार को चलाना चाहिए।
इस सर्वे में अधिकतर लोगोंने अपनी बात खुलकर रखते हुए कहा कि अगर गिरफ्तारी होती है तो यह पूरी तरह से गलत है। लेकिन अगर मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया जाता है तो उन्हें जेल के भीतर से ही सरकार को चलाना चाहिए। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता लोगों के घर-घर जाकर इस अभियान के तहत लोगों की राय ले रहे हैं।
पार्टी के मंत्री और विधायक भी लोगों के घर जाकर सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा ले रहे हैं। कथित शराब घोटाले में अगर सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार किया जाता है तो लोगों का कहना है कि सीएम को इस्तीफा नहीं देना चाहिए, उन्हें सरकार को जेल से चलाना चाहिए। हर आदमी उनके साथ है, अस्पताल देखिए, स्कूल देखिए, उन्होंने हर क्षेत्र में अच्छा काम किया है।
सरकारी स्कूल के शिक्षकों को सिंगापुर तक भेजा है। आजतक किसी सरकार ने ऐसा नहीं किया है। वहीं दूसरे व्यक्ति का कहना है कि केजरीवाल ने आम जनता के लिए बहुत कुछ किया है। झुग्गी वालों के लिए पानी की व्यवस्था की है। 24 घंटे बिजली आती है, मुझे नहीं लगता है कि केजरीवाल जी को जेल भेजना चाहिए। बता दें कि आम आदमी पार्टी का मैं भी केजरीवाल अभियान 20 दिसंबर तक चलेगा।












Click it and Unblock the Notifications