'पूरे देश को ये अनपढ़ रखना चाहते हैं', केजरीवाल का BJP पर बड़ा हमला
Arvind Kejriwal Targets BJP: दिल्ली की सत्ता से बाहर हुई आम आदमी पार्टी ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है। आप राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार सुबह भाजपा पर निशाना साधते हुए शिक्षा को 'बर्बाद' करने का आरोप लगाया। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा देशभर में शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा की मंशा पूरे देश को अशिक्षित बनाए रखने की है।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर अपने पोस्ट के जरिए करारा निशाना साधा। उन्होंने सपा प्रमुख और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए जमकर बीजेपी को घेरा। साथ ही आरोप लगाया कि अब ये (BJP) दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को भी ध्वस्त करने में लगे हैं।

पूरे देश को ये अनपढ़ रखना चाहते हैं-केजरीवाल
केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "ये गुजरात मॉडल है। ये बीजेपी मॉडल है जो ये पूरे देश में लागू करना चाहते हैं। ये डबल इंजन मॉडल है। पूरे देश को ये अनपढ़ रखना चाहते हैं। आप मुझे एक राज्य बता दीजिए जहाँ इनकी सरकार हो और इन्होंने वहां शिक्षा का कबाड़ा ना किया हो। इसी मॉडल के तहत अब ये दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था को भी ध्वस्त करने में लगे हैं।"
अखिलेश यादव की पोस्ट पर केजरीवाल ने बीजेपी को घेरा
केजरीवाल का यह बयान समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव की एक पोस्ट के जवाब में आया, जिसमें उन्होंने एक रिपोर्ट साझा की थी। रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात के 157 स्कूलों में 10वीं कक्षा का कोई भी छात्र पास नहीं हो सका। अखिलेश ने इसे गुजरात मॉडल की विफलता करार देते हुए लिखा, "गुजरात मॉडल खुद विफल हो गया है... हम भाजपा को हटाएंगे और भविष्य को बचाएंगे!"
स्कूल फीस बढ़ाने पर भी बीजेपी को घेरा
इससे पहले केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली में भी शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा माफिया फिर से सक्रिय हो गए हैं और दिल्ली के निजी स्कूल मनमाने ढंग से फीस बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में दिल्ली में हो रहे निजी स्कूलों के विरोध प्रदर्शनों का हवाला देते हुए लिखा, "दिल्ली के लोग एक बार फिर पूरी तरह से शिक्षा माफिया की दया पर हैं। शिक्षा माफिया की हिम्मत कैसे हुई कि वे हमारे बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करें? क्योंकि नेता और मंत्री उनकी जेब में हैं - ठीक वैसे ही जैसे वे हमारी सरकार के सत्ता में आने से पहले हुआ करते थे।"












Click it and Unblock the Notifications