Weather News: आज का मौसम कैसा रहेगा? दिल्ली में तड़पाएगी धूप या बारिश से राहत? जानें अन्य राज्यों का हाल?
Aaj Ka Mausam Kaisa: मई - साल का वो महीना जब गर्मी अपने चरम पर होती है। जब दोपहर में बाहर निकलना किसी तपते तंदूर में घुसने जैसा लगता है। जब पंखे, कूलर और एसी भी जैसे थककर बैठ जाते हैं और बिजली की आंखमिचौली पसीने को और बेहाल कर देती है।
हालांकि, आधा महीना गुजर चुका है। लेकिन अभी भी गर्मी से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। लू के थपेड़े लोगों को बेहाल कर रहे हैं। आइए जानते हैं दिल्ली से लेकर उत्तर भारत में आज कैसा रहेगा मौसम (Weathet New)?

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को कल की बारिश और आंधी से बड़ी राहत मिली। धूल और गर्मी की तपिश कुछ समय के लिए थम गई। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक आज यानी शनिवार को भी हल्की बारिश हो सकती है और 30 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। इससे तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
उत्तर भारत में लू का खतरा बना हुआ है
हालांकि दिल्ली को राहत जरूर मिली, लेकिन उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में अब भी भीषण गर्मी और लू का असर जारी है। श्रीगंगानगर (राजस्थान) में पारा 45.8 डिग्री तक पहुंच गया है। पंजाब के बठिंडा में भी 45.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। 19 मई तक लू का असर रहने की संभावना है।
ओडिशा में आंधी और बिजली गिरने से मौतें
ओडिशा में शुक्रवार, 16 मई को तेज आंधी और बिजली गिरने से छह महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत हो गई। कोरापुट, गंजम, जाजपुर, गजपति और ढेंकनाल जिलों में ये घटनाएं हुईं।
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि अन्य हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 19 मई तक शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन, सिरमौर सहित सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण भारत में मानसून की दस्तक से पहले की बारिश
तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में अगले पांच दिन तक तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी। यह मानसून के आने का संकेत माना जा रहा है।
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश की संभावना
असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बारिश तो होगी, लेकिन साथ में गर्म और नमी भरा मौसम भी बना रहेगा
गर्मी का असर कैसे घातक?
स्वास्थ्य पर असर:
- हीट स्ट्रोक - शरीर का तापमान बढ़कर 104°F से ऊपर चला जाता है, जो जानलेवा हो सकता है।
- डिहाइड्रेशन - शरीर में पानी और नमक की कमी।
- थकावट, चिड़चिड़ापन और नींद की कमी।
समाज और कामकाज पर असर:
- खेतों में काम करना नामुमकिन हो जाता है।
- स्कूलों में छुट्टियां, दफ्तरों में कम अटेंडेंस।
- गरीब तबका, विशेषकर सड़क किनारे रहने वाले सबसे अधिक प्रभावित होते हैं।
गर्मी से बचने के उपाय
- दिन के समय बाहर निकलने से बचें, विशेषकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच।
- हल्के, सूती और ढीले कपड़े पहनें।
- पानी, नींबू पानी, छाछ, ओआरएस का सेवन करें।
- घरों में खिड़कियों पर पर्दे लगाएं, गर्म हवा को अंदर न आने दें।
- बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखें।
- बाहर निकलते समय छाता या टोपी का उपयोग करें।
- मौसम में अचानक बदलाव हो सकते हैं, इसलिए मौसम विभाग के अपडेट्स पर नजर रखें।












Click it and Unblock the Notifications