पिछले साल के मुकाबले दिल्ली में घटे डेंगू के मामले, 1-19 सितंबर तक मिले 87 मरीज
नई दिल्ली, सितंबर 22। देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना का असर कम हुआ तो अब डेंगू ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बताया है कि सितंबर के महीने में 1 तारीख से लेकर 19 तक तक दिल्ली में डेंगू के 87 मामले रिपोर्ट किए गए हैं। हालांकि ये आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले काफी कम है, जो सरकार के लिए राहत वाली बात है। दिल्ली में पिछले साल इसी समयसीमा में डेंगू के 188 मरीज सामने आए थे। स्वास्थ्य मंत्री ने इसके लिए दिल्ली सरकार के डेंगू के खिलाफ चलाए अभियान को श्रेय दिया है।
Recommended Video

दिल्ली में डेंगू के मिले हैं 2 स्ट्रेन
सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली सरकार ने डेंगू के खिलाफ जो अभियान चलाया था, उसी का असर है कि पिछले साल के मुकाबले डेंगू के मरीज इस साल कम सामने आए हैं। आपको बता दें कि दिल्ली में डेंगू के 2 वेरिएंट की पुष्टि इस साल हुई है। इसमें से एक स्ट्रेन घातक है। राहत की बात है कि विशेषज्ञों को सामान्य स्ट्रेन की मौजूदगी अधिक मिली है। एम्स में माइक्रोबायोलाजी विभाग के डॉक्टरों ने डेंगू की जीनोम सिक्वेंसिंग की है। जिसमें डेंगू के डी-1 और डी-2 स्ट्रेन की पुष्टि हुई है।
दिल्ली में अभी तक डेंगू के 200 से अधिक मामले
आपको बता दें कि दिल्ली में अभी तक इस साल डेंगू के 211 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से पिछले हफ्ते 50 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अगस्त में 72 लोग वेक्टर जनित बीमारी से संक्रमित हुए थे। पीटीआई के अनुसार, डेंगू के मामले आमतौर पर जुलाई और नवंबर के बीच अधिक बढ़ते हैं, लेकिन यह अवधि दिसंबर के मध्य तक बढ़ सकती है। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने दिल्ली में कोरोना की स्थिति को लेकर भी कहा कि अब दिल्ली में हालात काबू में हैं, लेकिन हमें अभी बहुत सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि तीसरी लहर का खतरा लगातार बना रहा है।












Click it and Unblock the Notifications