क्रिसमस पर दिल्ली में कोरोना के 249 नए केस, एक मरीज ने गंवाई जान
नई दिल्ली, 25 दिसंबर: देश में कोरोना महामारी फिर से फैल रही है। कुछ दिनों पहले तक दिल्ली में रोजाना के मरीजों की संख्या 50 के आसपास रहती थी, लेकिन अब इसमें बड़ा उछाल आया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में वहां पर 249 पॉजिटिव केस सामने आए और एक मरीज की मौत हुई। वहीं 96 मरीजों ने इस अवधि में वायरस को मात दी। ऐसे में दिल्ली में कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 14,43,062 हो गई है। जिसमें एक्टिव केस 934 हैं, जबकि 25,104 ने अब तक जान गंवाई।

दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों में 57295 टेस्ट किए गए, जिसमें से 249 मरीज पॉजिटिव आए। ऐसे में राजधानी का पॉजिटिविटी रेट 0.43 प्रतिशत है। वहीं दिल्ली के अस्पतालों में कुल 8961 बेड थे, जिसमें से 221 पर मरीज भर्ती हैं, जबकि 8740 खाली हैं। इसके अलावा कोविड केयर सेंटर में सारे 3871 बेड खाली हैं। विभाग के मुताबिक अभी 464 मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जिनको डॉक्टरी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है।
79 हुई मरीजों की संख्या
दिल्ली में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जहां शनिवार को 9 नए संक्रमित मिले, इसके बाद अब दिल्ली में ओमिक्रॉन के मरीजों की संख्या 79 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक पिछले दो दिनों में किसी भी ओमिक्रॉन मरीज की रिकवरी नहीं हुई, लेकिन अब तक 23 लोग पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं।
लागू हैं नई पाबंदियां
ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए हाल ही में दिल्ली सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की थी। जिसमें क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने पर रोक लगा दी गई। इसके अलावा सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वो भीड़भाड़ वाले इलाकों पर नजर रखें। दिल्ली में नियमों का पालन सख्ती से करवाया जा रहा है। जिसके तहत पिछले दो दिनों में 1.5 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। इसके अलावा 150 से ज्यादा एफआईआर भी दर्ज की गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications