उत्तराखंड के डीजीपी की फेक फेसबुक प्रोफाइल बनाकर रुपए मांगने वाला मास्टरमाइंड राजस्थान से गिरफ्तार
उत्तराखंड के डीजीपी की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर रुपए मांगने वाले मास्टरमाइंड को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार किया है।
देहरादून, 27 जून। उत्तराखंड के डीजीपी की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर रुपए मांगने वाले मास्टरमाइंड को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला है कि कि स्थानीय लोगों का एक संगठन इन साइबर जालसाजों को विशेष रूप से भरतपुर में संरक्षण दे रहा है।

बता दें कि कुछ दिन पहले डीजीपी अशोक कुमार की फर्जी आईडी से रुपए मांगे गए थे और जिस व्यक्ति से रुपए मांगे गए वह डीजीपी का परिचित था। व्यक्ति की शिकायत पर कोतवाली में मुकदमा शुरू हुआ और मामले के खुलासे के लिए एसटीएफ की एक टीम का गठन किया गया था। इस पूरे मामले की शिकायत तनुज ओबरॉय नाम के व्यक्ति ने कराई थी जो मोती बाजार के निवासी हैं। तनुज ने बताया कि उन्हें फेसबुक मैसेंजर पर 14 जून को एक मैसेज आया था, यह मैसेज आईपीएस अशोक कुमार के नाम से मिला। इस मैसेज के माध्यम से गूगल पे, या पेटीएम के माध्यम से 10 हजार रुपए की मांग की गई।
यह भी पढ़ें: AIMIM से गठबंधन की खबरों का मायावती ने किया खंडन, बोलीं- UP-उत्तराखंड में अपने दम पर BSP लड़ेगी चुनाव
डीजीपी से परिचित थे तनुज
तनुज ने मामले की शिकायत करते हुए बताया था कि वह व्यक्तिगत रूप से डीजीपी से परिचित हैं और इसलिए उन्हें इस बात पर यकीन नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने आईडी का यूआरएल चेक किया, जिसमें पता चला कि यूआरएल किसी सुधाकर डॉट एसके के नाम की आईडी का है। अब उन्हें यकीन हो गया कि किसी ने डीजीपी के नाम से फर्जी आईडी बनाई है, जिसके बाद उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी।
तुरंत एक्शन में आई पुलिस
मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत चौकन्ना हो गया। आरोपी को पकड़ने के लिए एसटीएफ की 6 टीमें गठित की गईं और इन्हें अलग-अलग राज्यों में भेजा गया। अंतत: आरोपी को राजस्थान के भरतपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications