उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस की जनसभा संबोधित करेंगे राहुल गांधी, जानिए कब है कार्यक्रम
देहरादून। कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी के बेटे राहुल गांधी उत्तराखंड की राजधानी देहरादून आएंगे। यहां वह कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा संबोधित करेंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस बारे में जानकारी दी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि, राहुल गांधी 16 दिसंबर को जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए वह विमान या हेलिकॉप्टर से देहरादून आएंगे। उत्तराखंड में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होंगे। ऐसे में सियासी दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। कांग्रेस फिलहाल यहां विपक्ष में है।

सैनिकों के सम्मान में करेंगे रैली: कांग्रेस
एक कांग्रेस नेता ने कहा कि, राहुल गांधी यहां सैनिकों के सम्मान में रैली करेंगे। इसके लिए कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत लगातार सैनिकों के बीच पहुंच रहे हैं। वे यहां चुनाव प्रचार भी कर रहे हैं। जानकारों का मानना है कि, कांग्रेस सैनिकों के कल्याण और उनसे जुड़ी योजनाओं को लेकर लगातार भाजपा सरकार की खामियां गिनाते हुए सैन्य परिवारों को साधने की कोशिश करेगी।
सैन्य वर्ग को हर पार्टी तवज्जो देने में जुटी
कुल मिलाकर, बात यह है कि चुनाव से पहले उत्तराखंड में सैनिक और पूर्व सैनिक वर्ग को हर पार्टी तवज्जो देने में जुटी है। चूंकि, कुछ ही दिनों पहले आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर रिटायर्ड कर्नल अजय कोठियाल को ही चुनाव मैदान में उतार दिया है। वहीं, भाजपा पहले से ही ताल ठोंक रही है। भाजपा सरकार ने सैन्य-सम्मान यात्रा निकालकर सैनिकों और पूर्व सैनिकों के घर-घर जाकर मिट्टी जुटाने और उससे सैन्य-धाम बनाने का कार्यक्रम चलाया है।












Click it and Unblock the Notifications