सुपेबेड़ा गांव में टीएस सिंह देव ने किया नए प्राथमिक केंद्र का शिलान्यास, ग्रामीणों ने की यह विशेष मांग
रायपुर, जून 07। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव मंगलवार को गरियाबंद जिले के सुपेबेड़ा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने 61.96 लाख रुपए की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया। साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने सुपेबेड़ा में पहले से संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। इस दौरान केंद्र में उपलब्ध दवाइयों और अन्य सुविधाओं के बारे में उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों से जाना और केंद्र में आ रही समस्याओं को दूर करने का निर्देश अधिकारियों को दिया। टीएस सिंह देव ने इस दौरान केंद्र में किडनी की बीमारी से प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनी और उनका हाल जाना।

आपको बता दें कि नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भूमि पूजन के मौके पर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य मंत्री से उनके पेयजल की व्यवस्था के लिए तेल नदी का पानी गांव तक पहुंचाने की मांग की। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने जल जीवन मिशन योजना के तहत प्रदेश के पूरे गांवों में आगामी तीन वर्ष के भीतर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था होने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सुपेबेड़ा की मैं वर्तमान स्थिति देखने आया था। यहां की स्थिति देखने के बाद मैं यहां के लोगों को यह आश्वासन देना चाहता हूं कि अगले 2-3 साल में यहां की तस्वीर बदल जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वो सुपेबेड़ा का दौरा करते रहेंगे।
आपको बता दें कि सुपेबेड़ा गांव को लेकर यह कहा जाता है कि यहां शुद्ध पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को किडनी की समस्या होती रहती है, जिस वजह से कई ग्रामीण इस बीमारी की वजह से मर जाते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले एक दशक में 105 से अधिक लोगों की मौत किडनी की बीमारी की वजह से हुई है। लोगों का कहना है कि यहां के पानी में कई धातुएं मिली होती हैं, जिसे पीने से किडनी खराब हो जाती है।












Click it and Unblock the Notifications