छत्तीसगढ़ः सुकमा में नक्सलियों और सेना के बीच हुई फायरिंग में तीन ग्रामीणों की मौत
सुकमा। सोमवार को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों ने फोर्स के ज्वॉइंट कैंप पर फायरिंग कर दी। इस दौरान जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। हालांकि दोनों तरफ से हो रही गोलीबारी के बीच तीन ग्रामीणों की मौत हो गई। बता दें कि यहां मौजूद ग्रामीण पिछले तीन दिन से कैंप के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। मुठभेड़ की पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी. ने की है। उन्होंने बताया कि फायरिंग में कुछ नक्सली भी मारे गए हैं।

जानकारी के अनुसार, बीजापुर और सुकमा के सीमावर्ती इलाके सिलेगर में सुरक्षाबलों का ज्वॉइंट कैंप शुरू हो रहा है। इसमें CRPF, STF और DRG के जवान रहेंगे। दोनों जिलों के 15 गांव के ग्रामीण 14 मई से एकत्रित हैं और कैंप का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने मारपीट और नक्सली मामलों में फंसाने का पुलिस पर आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान अचानक से नक्सलियों ने कैंप पर फायरिंग शुरू कर दी।
मुठभेड़ में कुछ जवानों के भी घायल होने का अंदेशा
इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की है। इस मुठभेड़ में 3 ग्रामीणों के मारे जाने की सूचना है। वहीं कई नक्सलियों को भी मारने का दावा किया गया है। इस हमले के बाद मौके पर और फोर्स भेजी गई है। इस बीच कुछ जवानों के भी घायल होने का अंदेशा है। हालांकि अभी तक पुष्टि नहीं हो सकी है। बीजापुर और सुकमा SP मौके के लिए रवाना हो गए हैं। मुठभेड़ और स्थिति को लेकर अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।
नक्सली लीडर हिड़मा का है इलाका
हाल ही में बीजापुर में हुए नक्सल हमले में 22 जवान शहीद हुए थे। बस्तर का झीरम कांड जिसमें कांग्रेस पार्टी के बड़े नेता मारे गए। इस तरह की दर्जनों घटनाओं की प्लानिंग और एक्शन को नक्सली लीडर हिड़मा अंजाम देता है।












Click it and Unblock the Notifications