Sukma Naxal Encounter: सुकमा में 16 नक्सली ढेर, अमित शाह ने X पर किया पोस्ट- नक्सलवाद पर एक और प्रहार!
Sukma Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के सुकमा-दंतेवाड़ा सीमा पर उपमपल्ली केरलापाल इलाके के जंगल में आज सुरक्षा बलों के साथ हुए मुठभेड़ में 16 नक्सली मारे गए जबकि दो जवान घायल हो गए हैं। मुठभेड़ स्थल से 10 से ज्यादा एके-47, इंसास राइफल, एसएलआर जैसे ऑटोमेटिक हथियार मिले हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया अकाउंट X पर पोस्ट करते हुए लिखा- नक्सलवाद पर एक और प्रहार! हमारी सुरक्षा एजेंसियों ने सुकमा में एक अभियान में 16 नक्सलियों को ढेर कर दिया है और स्वचालित हथियारों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में हम 31 मार्च 2026 से पहले नक्सलवाद को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं। हथियार रखने वालों से मेरी अपील है कि हथियार और हिंसा से बदलाव नहीं आ सकता; केवल शांति और विकास ही बदलाव ला सकता है।

2026 तक नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प पूरा होगा: CM साय
सुकमा मुठभेड़ पर न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने कहा सुकमा में 16 नक्सलियों के मृतक शरीर मिले है। मैं सुरक्षा बलों को उनकी बहादुरी के लिए बधाई देता हूं, और उनके साहस को नमन करता हूं। हमारी सरकार को इस संबंध में लगातार सफलता मिल रही है। सुरक्षाबल के जवान पूरी बहादुरी से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। मुझे विश्वास है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को खत्म करने का संकल्प पूरा होगा।
बता दे कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को लेकर 21 मार्च 2025 को राज्यसभा में घोषणा की कि सरकार का लक्ष्य 31 मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद को पूरी तरह समाप्त करना है। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा था कांग्रेस के शासनकाल में 126 जिले नक्सलवाद से प्रभावित थे, जो अब घटकर केवल 12 जिले रह गए हैं। अगले वर्ष तक ये भी नक्सलवाद से मुक्त हो जाएंग। गृह मंत्री ने नक्सलियों से अपील की कि वे हिंसा का मार्ग छोड़कर राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में शामिल हों और छत्तीसगढ़ के विकास में योगदान दें।












Click it and Unblock the Notifications