Sukma Naxal Attack: सीएम विष्णुदेव साय ने की घायल जवानों से मुलाकात,कहा- हम नक्सलवाद को खत्म करके रहेंगे
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर के सीमावर्ती क्षेत्र टेकलगुड़ेम गांव में मंगलवार को सुरक्षाबल और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन जवान शहीद हो गए,जबकि 14 जवान घायल हुए हैं। सुरक्षाबलों की ओर से टेकलगुड़ेम में नया सुरक्षा कैंप स्थापित करते समय नक्सलियों ने गोलीबारी की। बलिदान हुए सुरक्षा बल के जवानों में कोबरा 201 बटालियन के आरक्षक देवन सी और पवन कुमार और सीआरपीएफ 150 बटालियन का जवान लाम्बधर सिन्हा शामिल है। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया है। फ़िलहाल घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

इधर राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुठभेड़ में घायल जवानों से मिलने और उनका हाल जानने के लिए रायपुर के नारायणा और बालाजी अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने इन दोनों अस्पतालों में इलाजरत जवानों से मुलाकात की। उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों को घायल जवानों का बेहतर से बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा, वनमंत्री केदार कश्यप, डीजीपी अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव द्वय पी. दयानंद एवं बसवराजू उनके साथ थे।
सीएम साय ने जवानों से मुलाकात के बाद कहा कि राज्य मेें नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई और तेज होगी। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद अब अपने खात्मे की ओर है। लड़ाई हम जीतेंगे। हम आने वाले समय में नक्सलवाद को खत्म करके रहेंगे। उन्होंने कहा कि आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए शासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने सुदूर वनांचल में नये कैंप स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि नक्सली जिन इलाकों को अब तक अपना समझ रहे थे, उन इलाकों में माओवादी आतंकवाद के विरूद्ध सुरक्षाबलों की दखल और बढ़ते प्रभाव से नक्सली बौखला गए हैं और कायराना हरकत कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम हर स्थिति में अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल के जवान सर्चिंग पर निकले थे। नक्सलियों ने उन पर घात लगाकर कायराना हमला किया है। हमारे जवानों ने उनके इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया है, जिसके चलते नक्सली भाग खड़े हुए।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़: नक्सली हमले में तीन जवान शहीद, सीएम विष्णुदेव साय ने किया नमन












Click it and Unblock the Notifications