छत्तीसगढ़ के बलौदा में बड़ा सड़क हादसा, एक बच्चे समेत छह लोगों की मौत
छत्तीसगढ़ में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां एक बच्चे समेत 6 की मौत हो गई।

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में एक बड़ा हादसा हुआ है, जहां एक पिकअप और ट्रक की टक्कर हो गई। इस घटना में अभी तक 6 लोगों की मौत हुई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे। मृतकों में एक बच्चा और महिला भी शामिल है।
मामले में बलौदा बाजार एसएसपी दीपक झा ने बताया कि पिकअप में दो दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे। तभी उसने ट्रक को टक्कर मार दी। जिसमें 6 लोगों की मौत हुई, जबकि कई घायल हैं। घायलों का इलाज करवाया जा रहा। ये घटना पलारी पुलिस थाना क्षेत्र में हुई है।
घायलों के मुताबिक वो लोग पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे। वहां से लौटते वक्त उनके पिकअप की ट्रक से टक्कर हो गई। जिसके बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक 6 लोगों की मौत हो गई थी।
एक चश्मदीद ने बताया कि हादसा घोड़ा पुल नाम की जगह पर हुआ। दोनों ही वाहन गलत दिशा से आ रहे थे और उनकी रफ्तार काफी ज्यादा थी। हादसे के बाद वहां पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और जल्दी-जल्दी में सभी को अस्पताल पहुंचाया गया।
हिमाचल में भी बड़ा हादसा
वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश में भी एक बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई। वहां पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी बताए जा रहे।
जानकारी के मुताबिक कांगड़ा जिले के धर्मशाला के योल में एक कैंटर 10 लोगों को लेकर जा रहा था। तभी वो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। जिसमें 5 लोगों की मौत हुई, जबकि 5 घायल हैं। उनको तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद मदद के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी पहुंच गए थे।












Click it and Unblock the Notifications