छत्तीसगढ़ के बस्तर में बोले राजनाथ सिंह, डायनासोर की तरह लुप्त हो जाएगी कांग्रेस पार्टी
Chhattisgarh BJP: भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विश्वास व्यक्त किया है कि इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से परास्त होगी। शनिवार को उन्होंने बस्तर लोकसभा के गीदम में आयोजित चुनावी रैली में कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने कांग्रेस पार्टी को समय दिया था 5 वर्षों का, लेकिन कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के लिए कोई काम नहीं किया। हर छत्तीसगढ़िया की आवाज है- फिर एक बार, मोदी सरकार। सिंह ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की हालत देश में ऐसी हो गई है, जैसे देश और दुनिया से डायनासोर लुप्त हो गया। वैसे ही कांग्रेस पार्टी देश से लुप्त हो जाएगी। कांग्रेस की हालत बिग बॉस शो की तरह हो गई है। कांग्रेस आज बिग बॉस का घर बन गई है। कांग्रेस में सब एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। हजारों की संख्या में कांग्रेस पार्टी छोड़कर लोग भाजपा में आ रहे हैं।

राजनाथ सिंह ने बस्तर लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की विजय संकल्प रैली के तहत दंतेवाड़ा जिले के गीदम में जनसभा के संबोधित करते हुए कहा कि इन दिनों मैं जहाँ-जहाँ जा रहा हूँ, सब जगह यह बात सामने आ रही है कि कुछ महीने पहले विधानसभा का चुनाव हुआ और अप्रैल में फिर चुनाव हो रहा है। इसलिए विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव एक साथ हो ताकि जनता का समय और पैसा बचेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि जब-जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है। कांग्रेस की सरकार जहाँ आती है वहां घोटाले की बाढ़ आ जाती है। छत्तीसगढ़ की जनता ने भी अपनी आँखों से देख लिया। छत्तीसगढ़ में एक बार कांग्रेस की सरकार बनी, घोटालों की भरमार हो गई। यहां गौठान घोटाला, गोबर घोटाला तक हो गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का विकास कितनी तेजी के साथ होता है, यह आगे आप सब देखेंगे। सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य जब बना था और पहली बार जब यहाँ विधानसभा चुनाव हुआ, उस समय पार्टी का प्रभारी बनकर मैं यहां आया था। उस समय हालात कुछ ऐसे थे कि लोग यहाँ कहते थे कि यहाँ भाजपा की सरकार नहीं बनेगी, यहाँ कांग्रेस की सरकार ही फिर बनेगी लेकिन हालात बदलते चले गए। छत्तीसगढ़ की जनता ने समझना प्रारंभ किया कि छत्तीसगढ़ का भाग्य कोई सँवार सकता है तो वह भाजपा ही है। भाजपा ने स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाई। 20 वर्षों का समय बीत चुका है। 20 वर्षों में 15 वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही फिर कांग्रेस की सरकार ने यहाँ 5 वर्षों में क्या-क्या किया, किसी को बताने की जरूरत नहीं है। यहाँ कर सकती है तो वह भाजपा ही है। छत्तीसगढ़ विधानसभा के चुनाव में प्रदेश की जनता-जनार्दन ने भाजपा की झोली भर दी है।












Click it and Unblock the Notifications