Rajnandgaon News: महापौर हेमा देशमुख को हिन्दू संगठनों ने घेरा, देवी - देवताओं के अपमान का लगा आरोप
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में नगर निगम महापौर हेमा देशमुख की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। लगातार विपक्ष उन पर हमलावर है। वर्तमान में महापौर के राज्यस्तरीय बौद्ध समाज के सम्मेलन में शामिल होने पर बवाल खड़ा हो गया है। इस सभा के आयोजन के बाद मेयर विवादों में आ गई है। इस विवाद के बीच सोशल मीडिया में महापौर द्वारा लिए जा रहे शपथ का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

बौद्ध महासभा के राज्यस्तरीय आयोजन हुए थे शामिल
दरअसल सोमवार को राज्य स्तरीय बौद्ध महासभा सम्मेलन का आयोजन राजनांदगांव जिले के मोहारा ऑक्सीजोन में किया गया था। बाबा साहब के पोते भीमराव यशवंत राव अंबेडकर भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान संविधान के बारे में चर्चा हो रही थी। इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में बौद्ध समाज के पदाधिकारी उपस्थित थे। मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव के विधायक व पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह, विशेष अतिथि के रूप में महापौर हेमा देशमुख और राजगामी सम्पदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक मौजूद थे।

राजगामी के अध्यक्ष से वैष्णव समाज ने मांगा इस्तीफा
छत्तीसगढ़ श्री वैष्णव महासभा के प्रदेश सलाहकार देव कुमार, सचिव एचडी निर्मोही, सुमित कुमार निर्वाणी ने बौद्ध समाज द्वारा सभी हिन्दू देवी-देवताओं के विरुद्ध शपथ ग्रहण करने की घोर निंदा की गई। जिला अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा कि रियासत के राजा महंत राजा बलराम दास जी हिंदू राजा थे, और उनके आराध्य देवी-देवताओं का अपमान उस व्यक्ति के द्वारा किया गया है। जो वर्तमान में राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष पद पर हैं। हिंदू विरोधी विचारधारा वाले व्यक्ति को इस जिम्मेदार पद पर रहने का अधिकार नहीं है। अध्यक्ष विवेक वासनिक को राजगामी संपदा से इस्तीफा दे देना चाहिए। नहीं तो वैष्णव समाज वासनिक को राजगामी संपदा से मुक्त करने के लिए आंदोलन करेगा।

राजपूत समाज करेगा विरोध, विश्व हिंदू परिषद ने बुलाई बैठक
विश्व हिंदू परिषद और सर्व हिंदू समाज की बैठक इमाम चौक हनुमान मंदिर परिसर में रखी गई है। वहीं राजपूत समाज प्रदर्शन की तैयारी कर ली है। इस मामले में सांसद संतोष पांडेय वीडियो के माध्यम से एक बयान जारी कर मामले में कार्रवाई की मांग रखी है। हिंदू संगठनों ने FIR दर्ज करने के लिए कलेक्टर, एसपी को ज्ञापन सौंपा है। इस मामले में राजगामी संपदा न्यास समिति के अध्यक्ष विवेक वासनिक ने कहा कि विशुद्ध रूप से भारतीय हैं। सभी धर्मों का सम्मान करते हैं और इस तरह की प्रतिज्ञा नहीं ली है।

महापौर बोलीं नहीं ली कोई शपथ, मुझे बदनाम करने की कोशिश
मंगलवार को यह मामला गरमाने के बाद महापौर हेमा देशमुख ने सोशल मीडिया में पोस्ट डालकर कहा है कि बौद्ध समाज द्वारा आयोजित सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थी। कार्यक्रम में एक बौद्ध भिक्षु द्वारा शपथ ग्रहण कराया गया। हेमा देशमुख ने कहा कि मैं भी उस कार्यक्रम में उपस्थित थी। लेकिन मैंने कोई शपथ नहीं ली। सिर्फ उपस्थित रहने के कारण मुझे कुछ तत्वों द्वारा बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। मैंने वहां पर किसी तरह की शपथ नहीं ली है।
यह भी पढ़ें,, Rajnandgaon News: छत्तीसगढ़ के भाजपा नेता को EOW मुम्बई ने किया गिरफ्तार, रेलवे टेंडर में गड़बड़ी का मामला












Click it and Unblock the Notifications