'किलिमंजारो' पर तिरंगा फहरायेगी CG की बेटी निशा यादव,पिता चलाते हैं ऑटो, सीएम विष्णुदेव साय ने बढ़ाया हौसला
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ की बेटी निशा यादव के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया। आज सुबह मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने एक फोन कॉल के जरिए निशा का हौसला बढ़ाया और उनका सपना पूरा करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निशा से कहा, "हम तुम्हारा सपना पूरा करेंगे, आप किलिमंजारो पर तिरंगा फहराओ, आर्थिक तंगी अब आपके सपनों को पूरा करने में बाधा नहीं बनेगी।"
यह कॉल निशा के लिए किसी सपने से कम नहीं था। बिलासपुर में रहने वाली निशा यादव को यह विश्वास ही नहीं हो रहा था कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद उसे फोन कर रहे हैं। जब मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार उसकी मदद करेगी और छत्तीसगढ़ की हर बेटी के सपने को पूरा करना उनकी जिम्मेदारी है, तो निशा की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।

ऑटो चलाते हैं पिता
मुख्यमंत्री ने निशा से पर्वतारोहण के बारे में विस्तार से बात की। निशा ने बताया कि वह पहले ही यूरोप महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एलब्रुस को फतह कर चुकी हैं, और अब उनका अगला लक्ष्य अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो पर तिरंगा फहराना है। निशा का अंतिम लक्ष्य माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराना है।
निशा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से अपनी चिंता साझा करते हुए कहा, "मेरे पिता ऑटो चालक हैं और हमारे पास आर्थिक संसाधन नहीं हैं, जिससे मेरा सपना पूरा हो सके। पिछले कई दिनों से मैं सो नहीं पा रही थी, लेकिन अब आपने मेरी सभी चिंताओं को दूर कर दिया है।"
मुख्यमंत्री साय ने दिया प्रेरणादायक संदेश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निशा की बातों को गौर से सुना और कहा, "छत्तीसगढ़ को अपनी बेटियों पर गर्व है। हम चाहेंगे कि छत्तीसगढ़ की बेटी माउंट एवरेस्ट पर भी तिरंगा फहराए।" उन्होंने निशा को शुभकामनाएं देते हुए कहा, "आर्थिक हालात से हौसले पस्त नहीं होते। आपका आत्मविश्वास और जुनून आपको आपके लक्ष्य तक जरूर पहुंचाएगा।"
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के इस स्नेहपूर्ण संदेश और समर्थन ने निशा को न केवल एक नई उम्मीद दी है, बल्कि अब वह अपने सपनों को और बड़े आत्मविश्वास के साथ पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ा रही हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार का बेटियों के प्रति समर्थन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यह भी स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सरकार हमेशा अपनी बेटियों के सपनों को पूरा करने के लिए खड़ी रहेगी। यह कदम राज्य सरकार की न केवल बेटियों के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक प्रेरणा बन गया है। निशा की तरह अन्य बेटियां भी अब अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित होंगी।
आज की यह घटना निशा यादव के जीवन में एक नया मोड़ साबित होगी, और उनके लिए किलिमंजारो और एवरेस्ट की ऊंचाइयों तक पहुंचने का रास्ता अब साफ हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications