छत्तीसगढ़ में सिकुड़ते जा रहे हैं नक्सली, दिल्ली में बोले सीएम विष्णुदेव साय
Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार को मुश्किल से 6 महीने हुए हैं। 6 महीने में हम लोगों को कम काम करने का अवसर मिला। इसके बाद लोकसभा चुनाव की घोषणा हो गई। आचार संहिता लागू हो गई, लेकिन आचार संहिता लागू होने से पहले मात्र सौ दिनों में हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी के सभी प्रमुख वादों को प्राथमिकता से पूरा किया है। जिसका बेहतर परिणाम हमें लोकसभा में मिला। मोदी जी सहित हमारी सरकार पर भी लोगों का विश्वास बढ़ा है। आगामी समय में गारंटी के बचे हुए वादे को सांय-सांय पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि विधानसभा के चुनाव में हमें छत्तीसगढ़ की जनता का भरपूर आशीर्वाद मिला। छत्तीसगढ़ के मतदाताओं ने मोदी की गारंटी, भारतीय जनता पार्टी, हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर विश्वास किया और चौथी बार हम लोगों ने सरकार बनाई। पहले की तीन बार की जो भाजपा सरकार थी, उससे भी ज्यादा आशीर्वाद भाजपा को मिला। 54 सीटें और 46% से ज्यादा वोट पार्टी को मिला। जनता के भरोसे पर खरा उतरते हुए हमने 100 दिनों में मोदी की गारंटी के प्रमुख वादे को पूरा किया।

सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 18 लाख लोग पिछले पांच साल में प्रधानमंत्री आवास से वंचित हो गए थे। चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री जी का भी कहना था कि अगर छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनती है, तो जो मुख्यमंत्री होगा वह सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का काम करेगा।
सीएम साय ने कहा कि मुझे बताते हुए गौरव हो रहा है कि 13 दिसंबर 2023 को हम लोग शपथ लिए और 14 दिसंबर को ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दे दी। 25 दिसंबर 2023 को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती, सुशासन दिवस के अवसर पर हम लोगों ने 12 लाख से ज्यादा किसानों को 2 साल का बकाया का बोनस देने का काम किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ को "धान का कटोरा" बताते हुए वादे के अनुरूप किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान को 3100 रूपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदने के वादे को पूरा करने की बात कही।
नक्सलवाद के खिलाफ बोलते हुए विष्णुदेव साय ने कहा कि पिछ्ले 15 साल की हमारी भाजपा सरकार ने नक्सलवाद के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ी और जब फिर से भाजपा की सरकार बनी तो केंद्र-राज्य के समन्वय से नक्सलवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में और भी तेजी आई है। उन्होंने मीडिया के साथियों से आग्रह करते हुए कहा कि जो छत्तीसगढ़ की पहचान है, नक्सलवाद जैसा लोग सोचते हैं, वैसा कुछ भी नही है। इसलिए छत्तीसगढ़ को ऐसी नजरों से बिल्कुल भी न देखें। केवल पांच जिलों में ही कुछ जगह पर नक्सलवाद है। इन क्षेत्रों में अभी तक लगभग 25 से ज्यादा सुरक्षा कैंप बनाए गए हैं और इसका मतलब कैंप के 5 किलोमीटर के रेडियस में सरकार की सभी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना है। नक्सली लगातार सिकुड़ते जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें CG: उद्योग मंत्री देवांगन से इंडियन चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों ने की मुलाकात












Click it and Unblock the Notifications