Dantewada: दंतेवाड़ा में लाखों रुपये के इनामी नक्सली ने किया आत्मसमर्पण, कई बड़े अपराधों में था शामिल
Naxalite Surrenders In Dantewada: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में लाखों रुपए का इनामी नक्सली सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों की घर वापसी के लिए चलाए जा रहे अभियान लोन वर्राटू के तहत नक्सली संगठन की कटेकल्याण एरिया कमेटी के डीएकेएमएस सदस्य ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है।
बताया जाता है कि आत्मसमर्पित नक्सली हड़मा माड़वी बीते लंबे समय से नक्सली संगठन के लिए काम कर रहा था और वर्तमान में कुन्ना पंचायत में सक्रिय था।नक्सली संगठन में हड़मा नक्सली बंद के दौरान सड़क खोदने, पेड़ काटने व नक्सली बैनर-पोस्टर व पॉम्प्लेट लगाने की घटनाओं में शामिल रहा।

नक्सली संगठन के लिए काम करने के दौरान ही उसने नक्सलियों की खोखली विचारधारा व बड़े नक्सली नेताओं द्वारा किए जा रहे आदिवासियों के शोषण से त्रस्त होकर उसने आत्मसमर्पण करने का निर्णय लिया।
इसके बाद उसने पुलिस अफसरों से संपर्क किया और शनिवार को हड़मा ने डीआईजी दंतेवाड़ा कमलोचन कश्यप, डीआईजी सीआरपीएफ विकास कठेरिया, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, सीआरपीएफ की 230वीं बटालियन के कमांडेंट अनिल कुमार प्रसाद, टूआईसी अनिल कुमार सिंह, एएसपी रामकुमार बर्मन के सामने अपने हथियार डाल दिए।
दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि हड़मा को राज्य सरकार की पुनर्वास योजना के तहत मिलने वाले सभी फायदे दिलवाए जाएंगे। दंतेवाड़ा पुलिस के मुताबिक लोन वर्राटू अभियान के तहत अब तक कुल 647 नक्सली आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जिनमें 164 ईनामी नक्सली शामिल हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications