छत्तीसगढ़ः जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक जवान शहीद, कैंपों को किया ध्वस्त
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिला में अबूझमाड़ क्षेत्र के जंगलों में शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है, जिसमें डीआरजी का एक जवान शहीद हो गया। वहीं कई जवानों को भी चोट आई है। मुठभेड़ के दौरान जवानों ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया।

हालांकि इस दौरान जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली भाग निकले। बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। दरअसल, ओरछा थाने से DRG के जवान गुरुवार को सर्चिंग के लिए अबूझमाड़ के जंगलों में निकले थे। वापसी के दौरान शनिवार सुबह करीब 9 बजे गुदाडी पंचायत के दुरगी पारा के पास जंगल में एंबुश लगाए नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
इस पर जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। करीब एक घंटे चली मुठभेड़ के दौरान जवानों ने नक्सली कैंप को ध्वस्त कर दिया। फायरिंग में DRG जवान गोमागाल निवासी संतु राम वड्डे शहीद हो गए हैं। उनकी जांघ और कमर के हिस्से में गोली लगी। ज्यादा खून बहने से अस्पताल ले जाने के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। कई जवानों के भी चोटिल होने की सूचना है। सभी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में 4 से 5 नक्सली भी मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं। मारे गए नक्सलियों के शव और घायलों को उनके साथी उठाकर ले गए। जवानों ने नक्सलियों के बनाए कैंप को ध्वस्त कर दिया है। नक्सलियों के भागने के बाद जंगल में सर्चिंग के दौरान भारी मात्रा में डंप बरामद हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications