मां ने ही बदलवा दिया बेटे का मजहब , पिता की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी
रायपुर, 12 जनवरी। छत्तीसगढ़ में विपक्ष की ओर से उठाये जा रहे धर्मांतरण के आरोपों पर ही माहौल अभी शांत नहीं हुआ था कि जशपुर जिले में एक मासूम बच्चे का धर्म परिवर्तन कर दिए जाने का मामला उजागर हुआ है, जहां 8 साल के बच्चे का खतना करके उसका धर्म परिवर्तन कर दिया गया। छत्तीसगढ़ मे अब तक अधिकांश मामलों में ईसाई समुदाय पर मिशनरी के माध्यम से धर्म परिवर्तन के आरोप लगते आये हैं। लेकिन इस बार धर्मांतरण का मामला मुस्लिम समुदाय के बीच से निकला है और आरोपियों में बच्चे की मां भी शामिल है।

मां और नानी पर लगा है बच्चे के धर्म परिवर्तन का आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक जशपुर के सन्ना निवासी एक हिन्दू युवक ने एक मुस्लिम युवती से शादी की थी, शादी के बाद से ही पत्नी भी हिन्दू रीतियों का पालन कर रही थी, लेकिन बीते साल वह अपने 8 साल के बेटे को लेकर मायके गई, जहां बिना परिवार के लोगों को जानकारी दिए अम्बिकापुर ले जाकर बच्चे का खतना करके उसका मुस्लिम नामकरण कर दिया गया।

पिता की शिकायत पर हुई कार्रवाई
बच्चे के पिता का कहना है कि उसके ससुराल वालों ने खतना कराने के संबंध मे उसे कोई जानकारी नहीं दी थी। पिता की शिकायत और बच्चे के बयान के आधार पर पुलिस ने 3 लोगों पर FIR दर्ज की। मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में बच्चे की मां और नानी भी शामिल हैं।
जशपुर एएसपी प्रतिभा पांडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक हिंदू निवासी ने शिकायत दर्ज कराई कि उसकी मुस्लिम पत्नी ने जबरन उनके नाबालिग बेटे का खतना करवा कर उसका मुस्लिम नामकरण कर दिया है। इस संबंध में आईपीसी और धर्म की स्वतंत्रता अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

खबर फैलने के बाद ग्रामीणों ने किया हंगामा
बच्चे के खतना कराये जाने की खबर फैलने पर अखिल भारतीय जनजातीय सुरक्षा मंच के संयोजक और पूर्व मंत्री गणेश राम भगत समेत कई नेताओं ने ग्रामीणों के साथ कल देर रात थाने पहुंच कर थाने के सामने हंगामा किया था। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही सरगुजा से ही एक वीडियो सामने आया था जिसमे एक समुदाय के लोग दूसरे समुदाय का सामाजिक और आर्थिक आधार पर बहिष्कार करने की शपथ लेते दिखाई दे रहे थे। इस घटना में भी हिन्दू और मुस्लिम समुदाय के लोगों के बीच तनाव देखा गया था। बहरहाल दोनों ही मामलों के बाद पुलिस ने बेहतर तरीके से मामलों को निपटाते हुए लोगों से शांति की अपील की जिसके कारण तनाव नियंत्रित कर लिया गया।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़: भीड़ ने ली मुस्लिमों के बहिष्कार की शपथ ,वीडियो हुआ वायरल












Click it and Unblock the Notifications