छत्तीसगढ़ में माओवादियों की बड़ी साजिश फेल, सुरक्षाबलों ने किया 25 किलो के IED विस्फोटक नष्ट, VIDEO
Bijapur Naxal News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों के खिलाफ सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। उसूर-आवापल्ली मुख्य मार्ग पर उसूर से 3 किलोमीटर की दूरी पर धान मंडी के पास माओवादियों द्वारा लगाए गए 25 किलो के आईईडी को बीडीएस टीम ने खोजकर नष्ट कर दिया। यह आईईडी सड़क के बीचों-बीच प्लास्टिक के कंटेनर में रखा गया था। माओवादियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए ब्लास्ट की साजिश रची थी।
इससे पहले, शनिवार को बीजापुर जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 8 नक्सलियों को मार गिराया। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। मारे गए माओवादियों में सभी पुरुष नक्सली शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सुरक्षाबलों के करीब 800-1000 जवानों ने PLGA कंपनी नंबर 2 के नक्सलियों को घेरा था, जिनमें बड़े लीडर्स भी शामिल थे।

नक्सलियों के पास मिला हथियारों का जखीरा
मुठभेड़ के बाद, सुरक्षा बलों ने मौके से इंसास, 303 राइफल, 12 बोर और BGL लॉन्चर जैसे भारी हथियार बरामद किए हैं। पिछले एक महीने में 50 से ज्यादा नक्सली मारे जा चुके हैं।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर, डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने जानकारी दी कि गंगालूर क्षेत्र के तोड़का-कोरचोली के जंगलों में माओवादी DVCM दिनेश मोड़ियम और अन्य सशस्त्र माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर डीआरजी बीजापुर, एसटीएफ, कोबरा 202 और केरिपु 222 की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।
मुठभेड़ के दौरान, सुरक्षा बलों ने 08 हार्डकोर माओवादियों को मार गिराया और भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और माओवादी सामग्री बरामद की।
32 दिनों में कुल 25 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद
डॉ. यादव ने कहा कि वर्ष 2024 में नक्सल विरोधी अभियान में मिली बढ़त को बनाए रखते हुए, वर्ष 2025 में भी सुरक्षा बलों द्वारा प्रभावी रूप से माओवादी संगठन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। पिछले 32 दिनों में कुल 25 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं, और सुरक्षा बल बस्तर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और विकास के लिए समर्पित हैं।
यह भी पढ़ें CG Nikay Chunav: जिसे मिले थे केवल 4 वोट,उसे दिया मेयर का टिकट,छत्तीसगढ़ में भाजपा ने चौंकाया












Click it and Unblock the Notifications