पूर्व CM रमन सिंह के साथ हेलिकॉप्टर की करते थे सवारी, अब छोड़ दिया साथ, जानिए कौन है लमतु बैगा
छत्तीसगढ़ में चुनाव की आहट होते ही अब राजनीतिक व सामाजिक समीकरण बदलने लगे हैं। भाजपा और कांग्रेस के नेता मिशन 2023 की तैयारी में लग गए हैं। प्रदेश कवर्धा विधानसभा में इसका ताजा उदाहरण देखने को मिल रहा है। जहां लमतू बैगा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। इस बदलाव से भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है।

सहकारी बैंक के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे मंत्री अकबर
तरेगांव जंगल में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के शाखा के उद्घाटन के अवसर पर पहुंचे कवर्धा विधायक व मंत्री मोहम्मद अकबर ने कांग्रेस प्रवेश कराया। मंत्री मोहम्मद अकबर ने बैगा समाज के मुखिया का गमछा पहनाकर कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया। लमतु सिंह बैगा को कांग्रेस प्रवेश कराने के लिए क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता लम्बे समय से उनके सम्पर्क में थे। लेकिन अब इसे मंत्री अकबर ने अंतिम रूप दिया।

हर चुनाव में भाजपा का करते थे समर्थन
आदिवासी बैगा समाज में अच्छी पकड़ रखने वाले लमतु बैगा 1980 से भाजपा से जुड़कर पार्टी के लिए लगातार कार्य कर रहे थे। भाजपा का साथ छोड़कर कांग्रेस प्रवेश करने वाले लमतु बैगा कभी अपने बैगा समाज के लगातार 15 साल तक जिलाध्यक्ष रहे। लमतु सिंह बैगा के भाजपा छोड़ने से भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। इस बदलाव ने क्षेत्र के भाजपा नेताओ को सोचने के लिए मजबूर कर दिया है।
यह भी पढ़े. Chhattisgarh बढ़ते अपराध के मामले में वार-पलटवार, भाजपा के आरोप को कांग्रेस ने बताया निराधार
डॉ रमन सिंह ने चुनाव के दौरान हेलीकॉप्टर में घुमाया
दरअसल कबीरधाम जिले में आदिवासी बैगा समाज हर चुनाव में अहम भूमिका निभाता आया है। तरेगांव क्षेत्र के जंगल वाले गांवों दलदली के आस पास बैगा समाज में लमतु सिंह बैगा का काफी प्रभाव माना जाता है। वे इस क्षेत्र में बैगा समाज को भाजपा के समर्थन में लाने में निभाते आ रहे हैं। इसी तरह पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह अपने साथ तरेगांव जंगल क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान लमतु सिंह बैगा को कई बार हेलीकॉप्टर में बिठाकर आदिवासी समाज को साधने की कोशिश करते रहे।
भाजपा नेताओं को नहीं होनी चहिए कोई परेशानी
लमतु सिंह का कहना है कि प्रदेश में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के के कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री समाज के सभी वर्ग के हितों के लिए कार्य कर रहें है। तरेगांव जंगल में एक आयोजित कार्यक्रम में लमतु सिंह बैगा ने बताया कि निस्वार्थ भाव से कांग्रेस से जुड़ रहे हैं, और इस पर किसी को भी आपत्ति नहीं होनी चाहिए। लमतु बैगा ने भाजपा के नेताओं की ओर से इशारा करते हुए यह बात कही।
आदिवासी समाज के विकास को मिलेगी गति
मंत्री अकबर ने लमतु बैगा के कांग्रेस प्रवेश करने पर कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता समाज के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करते है। लमतु सिंह बैगा के आने से बैगा समाज के विकास को गति मिलेगी। लमतु सिंह बैगा के अनुसार कवर्धा विधायक मोहम्मद अकबर का अपने क्षेत्र की जनता से सीधा संपर्क है, वे विकास के कार्य लगातार कर रहे हैं। मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ नेता लमतु सिंह बैगा का पूरा सम्मान किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी में सभी लोगों को समान महत्व दिया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications