कोरबाः भीषण सड़क हादसे में कांग्रेस विधायक के बेटे सहित तीन लोगों की मौत
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बस और कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में मरवाही विधानसभा से कांग्रेस विधायक केके ध्रुव के बेटे प्रवीण ध्रुव सहित तीन लोगों की मौत हो गई। प्रवीण विद्युत विभाग में सहायक अभियंता के पद पर तैनात थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि तीनों के शव कार में ही फंस गए। फिर घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घंटों मशक्कत कर तीनों के शवों को बाहर निकाला। प्राप्त जानकारी के मुताबिक प्रवीण कुमार ध्रुव अपने साथियों जूनियर इंजीनियर कुशल कुमार कंवर और ठेका श्रमिक शंकर सिंह पोर्ते के साथ बिंझरा गए थे।

वहां से देर रात करीब डेढ़ बजे सभी कार से बांगो लौट रहे थे। बरपाली के पास पहुंचे थे कि पेट्रोल पंप के सामने अंबिकापुर की तरफ से आ रही रॉयल बस से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर कटघोरा SDOP ईश्वर त्रिवेदी, थाना प्रभारी नवीन देवांगन और बांगों पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि तीनों मृतकों की उम्र 26-27 साल के बीच होगी। जानकारी मिलने पर मरवाही विधायक केके ध्रुव भी पहुंच गए हैं।
पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए की हत्या
वहीं प्रदेश की राजधानी रायपुर में बदला लेने का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नाबालिग बेटे ने पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए दो दोस्तों के साथ मिलकर मुहल्ले के बदमाश की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। बदमाश की लाश सेंधवारा के पास तालाब किनारे मिली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों नाबालिग आरोपी भाग गए। फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। उनसे घटना के बारे में पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications