जांजगीरः सास-बहू को मौत के घाट उतार पड़ोसी ने की खुदकुशी, पुलिस ढूंढने निकली थी हत्यारे को
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के डभरा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर रात को पड़ोसी ने सास-बहू की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद अपने ससुराल रायगढ़ भाग गया और वहां जहर पीकर खुदकुशी कर ली। हालांकि घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। बताया जा रहा है कि आरोपित युवक को अपने पड़ोसी पर पत्नी से अवैध संबंधों को लेकर शक था। वहीं दोनों के बीच पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक खरकेना गांव की रहने वाली 35 वर्षीय संतोषी बाई रत्नाकर और उसकी 70 वर्षीय सास गुरबारी बाई की हत्या कर दी गई। दोनों के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों का शव बरामदे में पड़ा हुआ था। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान संतोषी का पति चिंतामणि दूसरे कमरे में बच्चों के साथ सो रहा था। पुलिस ने जांच शुरू की तो वारदात में पड़ोसी लक्ष्मण भारद्वाज का नाम सामने आया। पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन वह फरार हो चुका था। उसकी तलाश शुरू की तो आरोपी लक्ष्मण के रायगढ़ के खरसिया में तेलीकोट गांव स्थित ससुराल भागने की सूचना मिली।
इस पर पुलिस ने खरसिया थाने को इसकी जानकारी दी। इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती लक्ष्मण जहरीला पदार्थ पीकर जान दे चुका था। इसके कारण हत्या की वजह सामने नहीं आई है। मामले को लेकर SDOP भवानी शंकर खूंटिया ने बताया कि आरोपी के भागने की जानकारी पर रायगढ़ के खरसिया थाने को सूचना दी गई थी। उनकी ओर से बताया गया कि आरोपी ने खुदकुशी कर ली है।
वहीं खरसिया थाने के सब इंस्पेक्टर जेपी बंजारे ने बताया कि डायल-112 को सूचना मिली थी कि लक्ष्मण ने जहर पर लिया है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications