बेटी के फोन से प्रेमिका बनकर पिता ने प्रेमी को बुलाया और मार डाला, कंकाल हुआ बरामद
जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर जिले के मालखरौदा ताना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी 13 साल की बेटी के प्रेमी को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफना दिया। पुलिस ने सोमवार को आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने बेटी के मोबाइल से चैटिंग कर युवक को मिलने के लिए बुलाया था। देवांगन मोहल्ले के रहने वाले 20 वर्षीय ठाकेंद्र देवांगन की 13 साल की लड़की से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। प्रेमी ने लड़की को मोबाइल दे रखा था, जिसकी भनक पिता को लग गई थी।

आरोप है कि बेटी के सो जाने के बाद देर रात पिता अजय ने चैटिंग कर प्रेमी ठाकेंद्र को जाल में फंसाया और फिर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद जब प्रेमी ठाकेंद्र प्रेमिका के घर पहुंचा तो लड़की के पिता अजय के साथ उसका झगड़ा हुआ । इस दौरान गमछे से अजय ने ठाकेंद्र का गला घोंट दिया। आरोपित पिता अजय देवांगन ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसके पास जेसीबी भी है। ड्राइवर से कहकर उसने पावर प्लांट के पास 15 फीट का गहरा गड्ढा खुदवाया।
इसके बाद अगले दिन चालक को छुट्टी दे दी। फिर कार की डिग्गी में ठाकेंद्र के शव को लेकर गया और वहां दफना दिया। फिर जेसीबी से राखड़ भी डाल दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ठाकेंद्र का कंकाल बरामद कर लिया है और पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। अजय देवांगन ने पुलिस को बताया कि ठाकेंद्र उसकी बेटी को परेशान करता था।
उसने बेटी को मोबाइल भी लाकर दिया। कई बार समझाया, लेकिन वह नहीं माना। इसके चलते उसे बेटी के मोबाइल से मैसेज भेजकर मिलने के लिए बुलाया। घर आने पर भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं माना और हाथापाई होने लगी। इसके चलते उसने ठाकेंद्र का गला घोंट दिया और फिर शव को ले जाकर दफना दिया।












Click it and Unblock the Notifications