CG News: राहुल ने बीजेपी पर निशाना साधा, BJP आदिवासियों को वनवासी कहती है, उनके नेता लोगों को मानते हैं जानवर
Rahul Gandhi Visit Jagdalpur: विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण का मतदान 7 नवंबर को होना है। ऐसे में रविवार 5 नवंबर को चुनाव प्रचार थम जाएगा। चुनाव प्रचार के दौरान मतदान से ठीक तीन दिन पहले कांग्रेस के शीर्ष नेता व वायनाड सांसद राहुल गांधी ने जगदलपुर के लालबाग मैदान में आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगाते हुए उद्योगपति गौतम अडानी को उनका मित्र बताया।
राहुल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के मित्र अडानी का बस्तर में आयरन ओर का एक प्रोजेक्ट कांग्रेस सरकार ने रद्द करके दिखा दिया है। क्योंकि आदिवासियों ने प्रोजेक्ट का विरोध किया।

राहुल ने कहा कि कांग्रेस ने आदिवासियों से किया हर वादा निभाया है। कांग्रेस की सरकार ही ट्राइबल बिल, पेसा कानून, जमीन अधिग्रहण बिल लेकर आई। इन विधेयकों में साफतौर पर लिखा हुआ है कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना आदिवासियों की जमीन कोई भी नहीं ले सकता। वहीं 5 साल के अंदर उद्योगपति यदि अपना उद्योग शुरू नहीं करता है तो आदिवासियों की उनकी जमीन भी वापस की जाएगी।
जगदलपुर में आमसभा को संबोधित करते उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी आदिवासियों को वनवासी कहकर उनका अपमान करते हैं। वनवासी शब्द का इस्तेमाल करने वाले सोचते हैं कि जंगल में जो जानवर रहते हैं, वैसी आदिवासियों की जगह होनी चाहिए।
इसी कारण भाजपा के नेता आदिवासियों से जानवरों सा बर्ताव करते हैं। भाजपा आदिवासी शब्द का इस्तेमाल नहीं करती, क्योंकि उन्हें पता है कि अगर उन्होंने इस शब्द का उपयोग किया तो उन्हें आदिवासियों की जंगल, जल और जमीन वापस लौटानी पड़ेगी।
जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने जो कहा, वो करके दिखाया है। किसानों की कर्जमाफ़ी की और धान का सर्वाधिक मूल्य किसानों को दिया। बस्तर में बंद पड़े 300 से ज्यादा स्कूल फिर से खोले गए, आदिवासियों की जमीन वापस की, स्वामी आत्मानंद स्कूल और कॉलेज खोले हैं।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications