CG: अबूझमाड़ में माओवादियों ने किया IED ब्लास्ट, 2 जवान घायल, इलाके में सर्चिंग तेज
CG Naxal Blast: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के थाना कोहकामेटा क्षेत्र स्थित कच्चापाल में माओवादियों द्वारा आईईडी ब्लास्ट किया गया। इस हमले में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के दो जवान घायल हो गए हैं।
दोनों जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद नारायणपुर जिला अस्पताल लाया गया, और बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। घायल जवानों की पहचान आरक्षक जनक पटेल और आरक्षक घासीराम मांझी के रूप में हुई है। बहरहाल इस पूरे इलाके में सर्चिंग तेज कर दी गई है।

सड़क निर्माण कार्य के लिए निकले थे जवान
एसपी प्रभात कुमार ने जानकारी दी कि 18 दिसंबर को माड़ क्षेत्र के कच्चापाल में नया कैंप खोला गया था। कैंप तक पहुंच मार्ग बनाने के लिए डीआरजी के जवान सड़क निर्माण कार्य के लिए निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया, जिसकी चपेट में डीआरजी के दोनों जवान आ गए। एक जवान के पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दूसरे जवान की स्थिति सामान्य है।
यह घटना बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा लगाए गए बारूदी सुरंग को डिफ्यूज करने के एक दिन बाद हुई है, जब सुरक्षा बलों ने मुडवेंदी में माओवादियों की साजिश को नाकाम कर दिया था।
इस वर्ष मुठभेड़ में मारे गये 130 से अधिक नक्सली
नारायणपुर और दंतेवाड़ा जिला का यह सीमावर्ती क्षेत्र अबूझमाड़ में आता है, जहां सुरक्षा बलों ने इस वर्ष 130 से अधिक नक्सलियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। इसके बाद से नक्सली जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए अब प्रेशर आईईडी का सहारा ले रहे हैं।
हो चुके हैं सैकड़ों धमाके
अब तक अबूझमाड़ और दक्षिण-पश्चिम बस्तर में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए सैकड़ों प्रेशर आईईडी के धमाके हो चुके हैं, जिनमें न सिर्फ जवान, बल्कि कई ग्रामीण और मवेशी भी शिकार हो चुके हैं। बीते पांच वर्षों में ऐसी 250 से अधिक विस्फोट घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली गई है और कई घायल हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications