छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम रमन सिंह ने किया दावा, खुद के आंतरिक सर्वे में खैरागढ़ उपचुनाव हार रही है कांग्रेस
राजनांदगांव ,06 अप्रैल। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव को जीतने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने ज़ोर लगा रखा है। बुधवार को भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने खैरागढ़ उप चुनाव का आरोप पत्र जारी किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर जमकर निशाना साधा।

कांग्रेस सरकार ने की खैरागढ़ की उपेक्षा:रमन सिंह
पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल खैरागढ़ में कथित कागजी विकास की तस्वीर को पेश कर रहे हैं, उनके पास खैरागढ़ के विकास को बताने के लिए कुछ भी नहीं है, कांग्रेस जिस घोषणापत्र की बात कर रही हैं , वह काल्पनिक है। बघेल ने हमेशा खैरागढ़ की उपेक्षा की है। कांग्रेस सरकार बनने के बाद बीते 36 महीनों में खैरागढ़ में विकास के नाम पर कोई काम नहीं हुआ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि खैरागढ़ की जनता उन्हें करारा जवाब देगी।
रमन सिंह ने किया दावा
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने दावा किया कि खैरागढ़ चुनाव को लेकर हर मोर्चे पर असफल सीएम भूपेश बघेल ने एक आंतरिक सर्वे कराया था , जिसमें वह भाजपा से बड़े अंतर से पराजित हो रहे हैं ,इसलिए उनके चेहरे में निराशा साफ देखी जा सकती है। रमन सिंह ने अपने कार्यकाल में खैरागढ़ के विकास के लिए 36 महत्वपूर्ण कामों का ज़िक्र भी किया।
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दी मुख्यमंत्री भूपेश को खुली चुनौती
पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह ने कहा कि विधायक देवव्रत सिंह इस दुनिया में नहीं है, कांग्रेस पार्टी अब उनके सम्मान की बात कह रही है,लेकिन जबतक उन्होंने खैरागढ़ के विधायक के तौर पर काम किया,कांग्रेस तब उनका अपमान करती रही। देवव्रत सिंह मानसिक पीड़ा में थे और हमेशा व्यथित रहते थे।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश को खुली चुनौती है कि अगर बीते 36 महीनों के भीतर कोई महत्वपूर्ण कार्य खैरागढ़ के विकास के लिए किया गया हो ,तो उसे जनता को जरूर बताएं। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय , पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल समेत कई अन्य नेता मौजूद थे।
कांग्रेस ने किया पलटवार
इधर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पूर्व सीएम रमन सिंह द्वारा खैरागढ़ में उठाये गए सवालों पर पलटवार करते हुए कहा है कि रमन सिंह को माफीनामा खैरागढ़ की जनता से जिला नहीं बनाने के लिए आरोप पत्र की जगह माफीनामा जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को छत्तीसगढ़ की जनता से 15 साल के कुशासन भ्रष्टाचार के लिए माफीनामा जारी करना चाहिए।

सुशील आनंद शुक्ला सवाल उठाया कि कांग्रेस ने भाजपा को 15 साल तक खैरागढ़ को जिला बनाने से नहीं रोका था ,तो फिर भाजपा की सरकार ने जिला क्यों नहीं बनाया, जब कांग्रेस खैरागढ़ को नया जिले बना रही है ,तो पराजय के डर से वे नए जिले का विरोध कर रहे हैं। शुक्ला ने कहा कि रमन सिंह ने बीते डेढ़ दशक में खैरागढ़ की जनता का कभी कोई भला नहीं किया। वे खैरागढ़ को भाजपा का गुलाम समझते रहे लेकिन अब भाजपा का सफाया हो चुका है।












Click it and Unblock the Notifications