छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में किसानों का प्रदर्शन जारी, पूर्व विधायक को उठाकर ले गई पुलिस
रायपुर, जून 12। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एक व्यापारी के खिलाफ किसानों का प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। किसानों का यह प्रदर्शन कांकेर जिले के पखांजूर में चल रहा है। प्रदर्शन के दूसरे दिन किसान सड़क जाम कर बैठे हुए थे। इससे आम जन को समस्या होने की पूरी संभावना थी। पुलिस ने सख्ताई करते हुए प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। इस दौरान पुलिस ने पूर्व विधायक भोजराज नाग को भी हिरासत में ले लिया। आपको बता दें कि भोजराज नाग रविवार सुबह ही किसानों के आंदोलन में शामिल हुए थे।

भोजराज की हिरासत से भड़के हुए हैं किसान
पुलिस ने भोजराज नाग को आंदोलन स्थल से ही हिरासत में ले लिया था और उसके बाद उन्हें परतापुर थाने ले जाया गया। वहां से बढ़गांव और फिर कोरेकुर्सी थाने में बिठाकर रखा गया है। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक को करीब 7-8 घंटे से हिरासत में रखा हुआ है और खबर लिखे जाने तक उन्हें रिहा नहीं किया गया। पूर्व विधायक भोजराज नाग को हिरासत में लिए जाने से किसान भड़के हुए हैं।
क्यों प्रदर्शन कर रहे हैं किसान?
दरअसल, पखांजूर इलाके में करीब 600 किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका यह प्रदर्शन पखांजूर के व्यापारी सुमन राय के खिलाफ है। उनका आरोप है कि सुमन राय ने 600 किसानों को करीब 7 करोड़ रुपए का भुगतान नहीं किया है। इसी विरोध में किसान शनिवार को सड़क पर उतर आए। हालांकि, व्यापारी सुमन राय के खिलाफ पुलिस ने धारा 420 का मामला दर्ज कर उन्हें अरेस्ट कर लिया है।
पुलिस अफसरों का कहना है कि, जिन किसानों को भुगतान नहीं मिला है वे पुलिस में बयान दर्ज कराएं, ताकि भुगतान दिलाने व्यापारी की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया न्यायालय में शुरू की जा सके। वहीं गिरफ्तार व्यापारी ने पुलिस को बताया कि, कुछ किसानों का ही भुगतान शेष है, बाकी का पैसा एजेंटों को दिया जा चुका है, एजेंटों ने गड़बड़ी की है।












Click it and Unblock the Notifications