Encounter In Beejapur: बीजापुर मुठभेड़ में बड़ा नक्सली नेता डीवीसीएम नागेश मारा गया, AK-47 राइफल बरामद
Encounter In Bijapur: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस को नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र में हुई पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में पुलिस पार्टी ने 8 लाख के ईनामी हथियारबंद नक्सली को ढेर कर दिया है।
इसके साथ ही उसके पास से एके-47 राइफल भी बरामद की गई है। बताया जाता है कि पुलिस पार्टी बंदेपारा व कोरंजेड के जंगलों में गश्त-सर्चिंग के लिए निकली हुई थी। इसी बीच घात लगाकर नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया।

मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को मद्देड़ थाना क्षेत्र के कोरंजेड-बंदेपारा के जंगलों में नक्सलियों की मद्देड़ एरिया कमेटी के इंचार्ज नागेश, सचिव एसीएम बुचन्ना, एसीएम विश्वनाथ सहित करीब 15 से 20 नक्सलियों की मौजूदगी की खबर मिली थी।
इस पर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स, एसटीएफ व सीआरपीएफ की 170वीं बटालियन के जवानों की संयुक्त टीम को मौके के लिए रवाना किया गया था। गश्त-सर्चिंग अभियान के दौरान जंगल में बंदेपारा के जंगल में कैंप लगाकर मौजूद नक्सलियों ने पुलिस पार्टी को देखकर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई करते हुए जवानों ने भी फायरिंग शुरू कर दी।
जवानों की तरफ से हुई फायरिंग के आगे पस्त नक्सली जंगल-पहाड़ की आड़ लेकर भाग निकले। फायरिंग थमने के बाद जवानों ने मौके की बारीकी से सर्चिंग की, जिसमें मद्देड़ एरिया कमेटी का इंचार्ज डीवीसीएम नागेश पदक का शव और एके-47 राइफल के साथ एके-47 की 3 मैग्जीन, 54 राउंड, विस्फोटक, दवाएं, नक्सली साहित्य, वर्दी, बैनर, सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक वायर समेत दैनिक उपयोग के सामान मिले।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि मारे गए नक्सली नागेश के खिलाफ बीजापुर जिले के विभिन्न थानों में 108 स्थायी वारंट लंबित हैं। वहीं उस पर पुलिस ने 8 लाख रूपए का ईनाम भी घोषित किया है। इसके साथ ही ये भी जांच की जा रही है कि नक्सली के पास एके-47 राइफल कैसे पहुंची। राइफल की जांच की जा रही है, जिसके बाद ही इसके बारे में जानकारी मिल पाएगी।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications