छत्तीसगढ़ः धमतरी में युवक की कई टुकड़ों में मिली लाश, हत्या की आशंका
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गुरुवार की सुबह एक युवक की लाश कई टुकड़ों में मिली है। शव के टुकड़े करीब 100 मीटर के दायरे में बिखरे हुए थे। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग और पुलिस दोनों मौके पर पहुंच गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या की गई है या फिर हाथी के हमले से उसकी मौत हुई है। पूरा मामला शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर रूद्री थाना क्षेत्र का है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक रूद्री थाना क्षेत्र के खिड़की टोला में गुरुवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे गांव वालों ने पुलिस और वन विभाग की टीम को शव मिलने की सूचना दी। इसके बाद जब पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो शव के टुकड़े को एकत्रित किया। वहीं पास में ही शराब की बोतल और बाइक भी मिली। मृतक युवक की पहचान संजू मंडावी के रूप में हुई है।
हालांकि अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गांव वालों का कहना है कि इन दिनों आसपास के इलाके में हाथियों ने डेरा डाल रखा है। ऐसे में उन्होंने आशंका जताई है कि हाथी ने हमला कर युवक के शव के टुकड़े-टुकड़े कर मार डाला। वहीं पुलिस को हत्या की आशंका भी है। पास ही मिली बाइक और शराब की बोतलों ने पूरे मामले की गुत्थी को उलझा दिया है। हालांकि पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।












Click it and Unblock the Notifications