कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने किया बीजेपी पर हमला, गिनाई भूपेश सरकार की उपलब्धियां
Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के मद्देजनर कांग्रेस नेताओं का छत्तीसगढ़ दौरा जारी है।बुधवार को रायपुर शंकर नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और सोशल मीडिया चेयरमैन सुप्रिया श्रीनेत ने पत्रकारों से चर्चा की।

पत्रकारों से चर्चा के दौरान सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि छत्तीसगढ़ का चुनाव मुहाने पर है, तो कांग्रेस सरकार अपने काम के दम पर, अपने रिपोर्ट कार्ड पर जनता से वोट माँग रही है। उन्होंने कहा कि हमारी प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर से जुमलों की बारिश कर रही है और फेंकने में मोदी जी और उनके परम चेले अमित शाह जी का तो कोई जवाब ही नहीं है।
श्रीनेत ने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव की सारी लड़ाई अंततोगत्वा - रेवड़ी और रबड़ी पर आ कर टिक गई है। हमने ग़रीबों शोषितों वंचितों आदिवासियों के लिए पूरी ईमानदारी से काम किया तो उसको मोदी जी रेवड़ी बताते हैं। उन्होंने अडानी के लिए दिन रात मेहनत की लेकिन उस रबड़ी पर चर्चा नहीं करते।
कांग्रेस प्रवक्ता श्रीनेत ने कहा कि दो मिनट में आपको पहले कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार की बड़ी उपलब्धियाँ गिना देते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने 40 लाख लोग ग़रीबी की सीमा रेखा से ऊपर लाया है। छत्तीसगढ़ में 44 लाख परिवारों का बिजली बिल हाफ़ होने से 4000 करोड़ का फ़ायदा मिला है, 6.5 लाख किसानों को 10,200 करोड़ की निःशुल्क बिजली दी गई है और 85,000 नौकरियां दी गई,जिससे 5 लाख रोज़गार बनाये गए हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता ने भूपेश बघेल सरकार की तारीफ में दावे करते हुए कहा कि 2018 के पहले मात्र 12 लाख किसान धान बेचने के लिए रजिस्टर होते थे अब क़रीब 25 लाख किसान रजिस्टर्ड हैं। तमाम कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 1.75 लाख करोड़ लोगों के खाते में सीधे डाले गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications