गजनी वाले बयान पर भड़के प्रमोद तिवारी, कहा- देवेन्द्र फडणवीस ने किया छत्तीसगढ़ का अपमान
CHHATTISGARH GAJNI CONGRESS: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान नेताओं के बयानों पर सभी की नजर है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस पर छत्तीसगढ़ का अपमान करने का आरोप लगाया है। मंगलवार को रायपुर में आयोजित कांग्रेस के पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि देवेन्द्र फडणवीस ने सीएम भूपेश बघेल को गजनी बोलकर छत्तीसगढ़ का अपमान किया है।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि कल महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गजनी कहा था। गजनी एक विलेन था, उसकी तुलना छत्तीसगढ़ की जनता के दो तिहाई बहुमत से बनी सरकार के मुखिया से करना छत्तीसगढ़ की जनता का अपमान है।
कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के किसानों के, युवाओं के, आदिवासियों सर्वसमाज के नायक है, वे राज्य की ओबीसी समाज का अभिमान है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को गजनी बोलकर देवेन्द्र फडणवीस राज्य के सर्वहारा वर्ग का अपमान किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तो जनता से किये अपने सारे वायदो को पूरा किया। हमारी सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र के 95 प्रतिशत वायदों को पूरा किया है।
प्रमोद तिवारी ने आगे कहा कि कांग्रेस किसी भी जनप्रतिनिधि को गजनी की उपाधि देने के खिलाफ है लेकिन यदि फडणवीस वायदो को भूलने का आधार बनाते है तो उन्हें गजनी की तुलना मोदी जी से करनी चाहिये। जो जनता से किये हर वादे को भूल चुके हैं। 15-15 लाख रुपया खाता में आएगा, अच्छे दिन आएंगे, 100 दिन में महंगाई कम होगी, 30 रु. 35 रु. में डीजल-पेट्रोल मिलेगा, हवाई चप्पल पहनने वाले गरीबो को हवाई यात्रा कराने का वादा किये थे, भारत के एक सैनिक के बदले पाक के दस सैनिको के सिर काट कर लाने का वादा किये थे।
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने अपना हमला तीव्र करते हुए कहा कि देवेन्द्र फडणवीस चोरी की सरकार में उपमुख्यमंत्री है। मुख्यमंत्री से उपमुख्यमंत्री बनाने के बाद वे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे है। इस लिये वे अनर्गल बयानबाजी कर रहे है। चोरी की सरकार में उपमुख्यमंत्री बने देवेंद्र फडणवीस को कांग्रेस की छत्तीसगढ़ सरकार से सीखना चाहिये कि जनता से किया गया वायदा कैसे निभाया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications