सीएम भूपेश बोले, चुनाव से पहले नहीं होगी नए जिलों की घोषणा, प्रदेश में पलायन और नक्सली हिंसा में आई कमी
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में भेंट मुलाकात के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा और पलायन कम हो रहा है। सरकार बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान महासमुंद जिले के सरायपाली विधासनसभा क्षेत्र पहुंचे हैं। जिसके तहत मुख्यमंत्री ने कल सरायपाली के ग्राम बलौदा एवं बसना के ग्राम भंवरपुर में जनचौपाल के माध्यम से आम जनता से भेंट मुलाकात की और राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में अब नए जिलों की घोषणा नहीं होगी।

जनता की आय में वृद्धि करना हमारा लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा भेंट-मुलाक़ात का उद्देश्य शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन देखना और फ़ीडबैक लेना है। जहां कमी मिल रही है वहां सुधार के निर्देश भी दिये जा रहे हैं। प्रसाशनिक कमी की समीक्षा कर रहा हूं। इन योजनाओं के माध्यम से आम जनता की आय में वृद्धि करना सरकार का उद्देश्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं हमारा प्रमुख लक्ष्य है। पिछले चार साल से हम अभियान में लगे हुए हैं। हमने रीपा की शुरूआत की है।
यह भी पढ़ें,, भेंट मुलाकात में सीएम भूपेश से आत्मानंद स्कूल की छात्रा ने पूछ लिया सवाल, सीएम ने कहा,
चुनाव से पहले अब नहीं होगी नए जिलों की घोषणा
जिलों को बनाने, स्थापित करने में समय लगता है। केवल घोषणा से काम नहीं चलता। चुनाव के पहले शायद घोषणा नहीं हो पाएगी। मुख्यमंत्री ने जिले के अंतिम छोर के व्यक्ति को जिला कार्यालय पहुंचने में हो रही परेशानी को दूर करने सरायपाली में अपर कलेक्टर कार्यालय खोलने की घोषणा की। धान ख़रीदी अच्छी तरह से चल रही है, बारदाने की कमी नहीं है। इसके अलावा संस्कृति का संरक्षण करने काम कर रहे हैं। खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरुआत की गई है।
प्रदेश में पलायन हुआ कम, शिक्षकों की हो रही भर्ती
सीएम ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि बंधुआ मजदूरों को वापस लाने की कार्यवाही छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर की जा रही है, यदि जबरन पलायन हो रहा है तो हम कार्रवाई भी कर रहे हैं। पलायन में कमी आ रही है। बेहतर रोजगार मिलने से पलायन घटा है। शासन की योजनाओं से लोग लाभांवित हो रहे हैं। हमने 14 हज़ार शिक्षकों की भर्ती की। शिक्षकों की भर्ती का काम हो रहा है। लोगों को बेहतर रोजगार मिल रहा है। सरकार की नीतियों एवं गतिविधियों के कारण बस्तर में नक्सली गतिविधि कम हुई है।
28 करोड़ 65 लाख के विकास कार्यों की मिली सौगात
इस दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज सरायपाली विधानसभा क्षेत्र में 28 करोड़ 65 लाख रुपए के विकास कार्याें का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 23 करोड़ 62 लाख 94 हजार रुपए के 29 कार्याें का भूमिपूजन और 5 करोड़ दो लाख 11 हजार रुपए के 15 कार्याें का लोकार्पण शामिल है।
भूमिपूजन में नवीन सड़क निर्माण, पुल-पुलिया, नया विश्राम गृह निर्माण और महाविद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण आदि कार्य शामिल है। वहीं लोकार्पण कार्याें में स्कूल में आहता निर्माण, रंगमंच निर्माण, सी.सी. रोड, सामुदायिक भवन, तालाब में पचरी निर्माण, सामुदायिक भवन निर्माण आदि शामिल है।












Click it and Unblock the Notifications