बागेश्वर धाम में पहुंचे छत्तीसगढ़ के CM विष्णुदेव साय, पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री से की मुलाकात, VIDEO
Bageshwar Dham: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बागेश्वर धाम में आयोजित शिवरात्रि महोत्सव और 251 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल हुए। इस ऐतिहासिक आयोजन में बागेश्वर धाम में धार्मिक भक्ति, सामाजिक समर्पण और राष्ट्रीय एकता का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, "छत्तीसगढ़ संत परंपरा और धर्मनिष्ठा की भूमि है। भगवान श्रीराम ने अपना अधिकांश समय यहीं बिताया था। हमें गर्व है कि बागेश्वर धाम में इस दिव्य आयोजन का हिस्सा बनने का अवसर मिला।" उन्होंने यह भी कहा कि संस्कार और संस्कृति किसी भी व्यक्ति के जीवन का अहम हिस्सा होते हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम बागेश्वर धाम के पवित्र भूमि पर आए हैं। हमने बागेश्वर सरकार के दर्शन किए और छत्तीसगढ़ की समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया। यहां 251 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह हो रहा है, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी आकर उनका आशीर्वाद देंगी। बागेश्वर धाम आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए एक सहारा बन रहा है। बाबाजी एक कैंसर अस्पताल भी खोल रहे हैं, जो इस क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित होगा।"
नक्सलवाद के खात्मे के लिए सरकार का संकल्प
मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में राज्य सरकार द्वारा उठाए गए ऐतिहासिक कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद का पूरी तरह उन्मूलन किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के सुरक्षा बल इस अभियान में पूरी ताकत से जुटे हैं और गृह मंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में यह मिशन सफलता की ओर बढ़ रहा है।
धर्मांतरण पर रोक और घर वापसी अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धर्मांतरण रोकथाम और घर वापसी अभियान को बढ़ावा दे रही है, ताकि छत्तीसगढ़ के धार्मिक और सांस्कृतिक संतुलन को बनाए रखा जा सके। उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि धर्मांतरण के खिलाफ हमारी सरकार कठोर नीति अपनाएगी और समाज को उसकी मूल पहचान से जोड़ने का कार्य करेगी।
251 निर्धन कन्याओं का विवाह: समाज सेवा का नया अध्याय
बागेश्वर धाम द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 251 निर्धन कन्याओं का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से सम्पन्न हुआ। इस आयोजन के तहत सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का संपूर्ण सामान भी प्रदान किया गया।
आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समरसता का संगम
मुख्यमंत्री ने इस आयोजन को सनातन धर्म की महिमा को पुनर्स्थापित करने, समाज में एकता और सद्भाव को बढ़ावा देने और गरीब कन्याओं के भविष्य को संवारने का ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा, "बागेश्वर धाम के इस आयोजन में भागीदारी कर छत्तीसगढ़ सरकार गौरवान्वित महसूस कर रही है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक और धार्मिक कार्यों में योगदान देने के लिए संकल्पित है।"
कार्यक्रम में बाबा बागेश्वर ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सराहना करते हुए कहा, "मुख्यमंत्री सरल स्वभाव के हैं और छत्तीसगढ़ की जनता के हित में कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में राज्य सरकार ऐतिहासिक कार्य कर रही है और अगले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ को नक्सल प्रभावित क्षेत्र से पूरी तरह मुक्त करने का संकल्प लिया गया है।"इस आयोजन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य गणमान्य जनप्रतिनिधि और श्रद्धालुजन उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें












Click it and Unblock the Notifications