छत्तीसगढ़: गोटईगुड़ा को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा, नवागांव को बाल मित्र ग्राम पंचायत पुरस्कार
छत्तीसगढ़: गोटईगुड़ा को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा, नवागांव को बाल मित्र ग्राम पंचायत पुरस्कार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की पंचायतीराज संस्थाएं अपने कामों से देशभर में नाम कमा रही हैं। प्रदेश की ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों और जिला पंचायत को लगातार तीसरे साल अलग-अलग श्रेणियों में 11 राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल हुए हैं। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय की ओर से जारी राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कारों की लिस्ट में छत्तीसगढ़ की आठ ग्राम पंचायतें, दो जनपद पंचायतें और एक जिला पंचायत शामिल है।

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार-2021 के अंतर्गत बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के दूरस्थ वनांचल गोटईगुड़ा ग्राम पंचायत को नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार, रायपुर जिले के अभनपुर विकासखंड के नवागांव (ल) को बाल मित्र ग्राम पंचायत पुरस्कार और आरंग विकासखंड के बैहार को ग्राम पंचायत विकास योजना पुरस्कार मिला है।
केन्द्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने कोंडागांव जिला पंचायत, गरियाबंद और तिल्दा जनपद पंचायत, सरगुजा जिले के सरगवां, लुंड्रा विकासखंड के रिरी, बालोद जिले के माहुद, कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड के महराटोला, रायपुर जिले के आरंग विकासखंड के बैहार ग्राम पंचायत को दीनदयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार के लिए चुना गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री टी.एस. सिंहदेव ने प्रदेश की पंचायतीराज संस्थाओं की इस उपलब्धि पर इन पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों को बधाई दी है। बघेल ने कहा कि प्रदेश की जिला पंचायतें, जनपद पंचायतें और ग्राम पंचायतें शासन की योजनाओं के मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ये संस्थाएं सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों को भी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचा रही हैं। साथ ही स्थानीय स्वशासन के उत्कृष्ट कार्यों से वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रही हैं। बता दें कि 2019 और 2020 में भी प्रदेश की अलग-अलग 11 ग्राम पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं जिला पंचायतों ने राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार हासिल किया था।












Click it and Unblock the Notifications