CG Rajyotsava का देर से मिला विधायक को आमंत्रण, प्रशासनिक लापरवाही की पार्टी फोरम में की शिकायत
छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव के दिन नवगठित जिलों में प्रशानिक लापरवाही को लेकर जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया। जिसमें राजनांदगांव जिले के खुज्जी विधानसभा से फायर ब्रांड महिला विधायक छन्नी साहू ने मोहला-मानपुर कलेक्टर को जमकर खरी खोटी सुनाई। दूसरी ओर नवगठित मनेन्द्रगढ़ जिले के राज्योत्सव में भी नगरपालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने भी कार्यक्रम स्थल में जमीन पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इन दोनों मामलों की शिकायत कांग्रेस अध्यक्ष और प्रभारी मंत्रियों से की गई है।

डेढ़ घन्टे बाद पहुंचा निमंत्रण पत्र, कहा, लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दास्त
छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी जिलों में एक नवम्बर को अपना जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया था। लेकिन इस आयोजन के जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही ने इसे राजनीति अखाड़ा बना दिया। इस लापरवाही का पहला नमूना नवगठित मोहला-मानपुर जिले में देखने को मिला। खुज्जी विधायक छन्नी साहू को जिले में राज्योत्सव कार्यक्रम की अध्यक्षा दी गई। लेकिन मैडम के पास निमंत्रण कार्ड उसी दिन कार्यक्रम के डेढ़ घण्टे बाद पहुंचा। इस बात से नाराज विधायक ने अधिकारियों और कलेक्टर को जमकर खरी खोटी सुनाई, उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की ऐसी उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीमार्ट के लोकार्पण में पहुंची तब मिला कार्ड, कलेक्टर बोले कार्रवाई करेंगे
नए जिले में मोहला स्थित मिनी स्टेडियम में राज्योत्सव का उद्घाटन 11 बजे किया गया। इसके मुख्य अतिथि विधायक इंदरशाह मंडावी थे। अध्यक्षता खुज्जी विधायक छन्नी साहू को करना था। लेकिन विधायक छन्नी साहू को अधिकारियों ने कार्ड देने में ही लेट कर दिया। उन्हें कार्ड तब मिला जब वे मंगलवार को अंबागढ़ चौकी में सी-मार्ट के लोकार्पण के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंची थीं, तब तहसीलदार ने 12.45 मिनट पर आमंत्रण कार्ड दिया। मोहला मानपुर कलेक्टर एस जयवर्धने ने कहा कि विधायक तक कार्ड पहुंचाने की जिम्मेदारी तहसीलदार को दी गई थी। देरी कैसे हुई, इस विषय पर जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे।

कार्यक्रम का किया बहिष्कार, प्रभारी मंत्री से की शिकायत
अफसरों की इस हरकत से नाराज विधायक छन्नी ने कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने प्रसाशनिक लापरवाही का आरोप लगाते हुए। इसकी शिकायत प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत से की है। वहीं मुख्यअतिथि इन्द्रशाह मंडावी को भी इसकी जानकारी दी। इसी तरह खैरागढ़ जिले में कांग्रेस के कई नेताओं के नाम कार्ड में नहीं होने से प्रशासन की खूब किरकिरी हुई। आनन-फानन में सोमवार दोपहर को कार्ड की दोबारा छपाई कराई। छूटे हुए नाम जोड़कर वितरण कराया गया।

मनेंद्रगढ़ जिले में मचा बवाल, जमीन पर बैठी पालिका अध्यक्ष
दूसरी ओर मनेंद्रगढ़ जिले के राज्योत्सव कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विनय जायसवाल और स्थानीय नेताओ को मंच पर स्थान दिया गया। लेकिन कांग्रेस की नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल को मंच पर स्थान नहीं मिला। वहीं पोस्टरों में भी उनकी अनदेखी की गई। इस उपेक्षा से नाराज नगर पालिका अध्यक्ष अपने पार्षदों के साथ राज्योत्सव स्थल पर ही जमीन पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पालिका अध्यक्ष को अधिकारियों ने मनाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं उठीं। जिस पर संसदीय सचिव विनय जयसवाल ने भी उन्हें मनाया और मंच पर चलने आग्रह किया।
यह भी पढ़ें.. Chhattisgarh Rajyotsav: स्थापना दिवस मनाने फंड की कमी, कवर्धा जिला प्रशासन तलाश रही फ्री के कलाकार












Click it and Unblock the Notifications