Chhattisgarh Polls: 'अयोध्या में राम मंदिर निर्माण देश में राम राज्य की शुरुआत', योगी आदित्यनाथ का ऐलान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को दावा किया कि देश में जाति और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र में अपने साढ़े 9 साल के शासन के दौरान योजनाओं के माध्यम से 'राम राज्य' की नींव रखी थी। यह शब्द आमतौर पर प्राचीन काल से परोपकारी शासन के उच्चतम स्तर को दर्शाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था।
दरअसल, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी के वोट मजबूत करने चुनावी रैली को संबोधित करने कोंटा पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में सत्तारूढ़ कांग्रेस पर लव जिहाद और धार्मिक रूपांतरण को प्रोत्साहित करने का भी आरोप लगाया। आदित्यनाथ ने बघेल सरकार पर कोयला, शराब, खनन और लोक सेवा आयोग के माध्यम से की गई भर्ती में घोटाले में शामिल होने का भी आरोप लगाया।

'छत्तीसगढ़ राम जी का ननिहाल'
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जनवरी में पूरा हो जाएगा। इससे यूपी से ज्यादा छत्तीसगढ़ के लोगों को खुश होना चाहिए, क्योंकि छत्तीसगढ़ भगवान राम का ननिहाल है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण देश में राम राज्य की घोषणा की शुरुआत होगी।
योगी आदित्यनाथ ने बताया राम राज्य का मतलब
आदित्यनाथ ने जोर देकर कहा कि राम राज्य का अर्थ है, एक ऐसा शासन जहां जाति और धर्म के आधार पर कोई भेदभाव नहीं होगा। योजनाओं का लाभ गरीबों, वंचितों, आदिवासियों समेत सभी तक पहुंचेगा। सभी को सुरक्षा, सुविधाएं और संसाधनों पर अधिकार मिले। यह राम राज्य है। यूपी के सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं डालीं।
थम गए छत्तीसगढ़ में प्रचार
आपको बता दें कि 7 नवंबर को छत्तीसगढ़ में पहले चरण में मतदान होगा। पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार आज यानी रविवार शाम 5 बजे थम गए। 90 सदस्यीय सदन की 70 सीटों के लिए दूसरे चरण का मतदान 17 नवंबर को होगा, जबकि नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications