Chhattisgarh News: बीजापुर में सबसे बड़ा नक्सल विरोधी अभियान जारी, 1,000 नक्सलियों को घेरा, 5 मारे गए
Chhattisgarh News: देश में नक्सलवाद के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान छत्तीसगढ़ के बीजापुर ज़िले में चल रहा है, जहां छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र के 20,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर करीब 1,000 से ज्यादा नक्सलियों को घेर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह संयुक्त ऑपरेशन बीते कुछ दिनों से जारी है और अब तक की कार्रवाई में कम से कम पांच नक्सलियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। अभियान का नेतृत्व राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों की संयुक्त टीम कर रही है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के कई ठिकानों को निशाना बनाया है और इलाके की सघन तलाशी जारी है।

यह अभियान अभी जारी रहेगा: अधिकारी
सूत्रों के अनुसार, यह ऑपरेशन खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया गया था, जिसमें नक्सलियों के एक बड़े जमावड़े की सूचना मिली थी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने रणनीतिक तरीके से इलाके को चारों ओर से घेर लिया।
अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अभी जारी रहेगा और नक्सल गतिविधियों को जड़ से खत्म करने के इरादे से इसे अंजाम दिया जा रहा है। साथ ही नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इलाके में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
यह अभियान 48 घंटे से अधिक समय से चल रहा है
यह अभियान 48 घंटे से अधिक समय से चल रहा है, तथा शीर्ष नक्सली नेताओं की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरू किया गया था, जिनमें मोस्ट वांटेड कमांडर हिडमा और बटालियन प्रमुख देवा भी शामिल थे। यह ऑपरेशन छत्तीसगढ़-तेलंगाना सीमा पर स्थित कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में चलाया जा रहा है, जहाँ सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है ताकि नक्सलियों के लिए भागने का कोई रास्ता न बचे।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले नक्सलियों ने एक प्रेस नोट जारी कर स्थानीय ग्रामीणों को चेतावनी दी थी कि वे कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों की ओर न जाएं, क्योंकि उस क्षेत्र में बड़ी संख्या में आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बिछाई गई हैं।
अमित शाह ने ऐलान किया है कि मार्च 2026 तक नक्सलियों का खात्मा कर दिया जाएगा
आपको बता दे कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों को जड़ से खत्म करने की घोषणा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पहले ही कर दिया है। गृहमंत्री ने ऐलान किया है कि मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ से नक्सलियों का खात्मा कर दिया जाएगा। इसी लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से नक्सलवाद से मुक्त कराने के लिए छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों का अभियान निरंतर जारी है।












Click it and Unblock the Notifications