छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: भूपेश बघेल के बेटे के ठिकानों पर ED की रेड, पूर्व CM बोले- ये केस तो बंद हो गया था
Bhupesh Baghel News: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सोमवार (10 मार्च) को छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल (Chaitanya Baghel) और अन्य के परिसरों पर छापेमारी की है। ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़े कथित शराब घोटाले के सिलसिले में ये छापेमारी की है।
ईडी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छत्तीसगढ़ में 14 स्थानों पर छापेमारी कर रही है। भिलाई में चैतन्य बघेल और राज्य में कुछ अन्य व्यक्तियों के ठिकानों की तलाशी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।

चैतन्य बघेल और शराब सिंडिकेट के लिंक आए सामने!
पीटीआई के मुताबिक चैतन्य बघेल अपने पिता के साथ भिलाई में रहते हैं और इसलिए परिसरों की तलाशी ली जा रही है। सूत्रों के मुताबिक चैतन्य बघेल और शराब सिंडिकेट के बीच कुछ "संबंध" सामने आए हैं और कुछ अन्य की जांच की जा रही है।
भूपेश बघेल बोले- 7 साल पहले कोर्ट ने केस खारिज कर दिया था
छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल के कार्यालय की ओर से कहा गया, ''अगर कोई इस साजिश के जरिए पंजाब में कांग्रेस को रोकने की कोशिश कर रहा है, तो यह गलतफहमी है।''
सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किए गए बयान में भूपेश बघेल के ऑफिस की ओर से कहा गया, ''सात वर्षों से चले आ रहे झूठे केस को जब अदालत में बर्खास्त कर दिया गया तो आज ED के मेहमानों ने पूर्व मुख्यमंत्री, कांग्रेस महासचिव भूपेश बघेल के भिलाई निवास में आज सुबह प्रवेश किया है। अगर इस षड्यंत्र से कोई पंजाब में कांग्रेस को रोकने का प्रयास कर रहा है, तो यह गलतफहमी है।''
ED ने छत्तीसगढ़ शराब घोटाले पर क्या कहा?
ईडी ने पहले कहा था कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले के कारण राज्य के खजाने को भारी नुकसान हुआ और शराब सिंडिकेट के लाभार्थियों की जेबों में 2,100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम भरी गई।
ईडी ने इस मामले में जनवरी में पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता कवासी लखमा के अलावा रायपुर के मेयर और कांग्रेस नेता एजाज ढेबर के बड़े भाई अनवर ढेबर, पूर्व आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, भारतीय दूरसंचार सेवा (आईटीएस) अधिकारी अरुणपति त्रिपाठी और कुछ अन्य लोगों को अपनी जांच के तहत गिरफ्तार किया था।
ईडी के मुताबिक छत्तीसगढ़ में कथित शराब घोटाला 2019 से 2022 के बीच हुआ था, जब भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार राज्य में थी। ईडी ने अब तक अपनी जांच के तहत विभिन्न आरोपियों की लगभग ₹205 करोड़ की संपत्ति जब्त की है।












Click it and Unblock the Notifications