OPINION: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने रहा इतिहास, टूटा पिछले साल की धान खरीदी का रिकॉर्ड
Chhattisgarh Dhan Kharidi: छत्तीसगढ़ में 14 नवंबर से शुरू हुए धान खरीदी का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। अब तक के धान खरीदी में पिछले साल का रिकॉर्ड टूट गया है। पिछले वर्ष 144.92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी, जबकि इस वर्ष आज दिनांक तक हुई धान खरीदी का आंकड़ा 145 लाख मीट्रिक टन से पार हो गया है।
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश के 25 लाख 13 हजार किसानों ने धान बेचा है। धान खरीदी के एवज में बैंक लिकिंग व्यवस्था के तहत अभी तक किसानों को 29 हजार 599 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है। धान खरीदी के साथ-साथ कस्टम मीलिंग के लिए तेजी से धान का उठाव किया जा रहा है। अभी तक 110 लाख मीट्रिक टन धान के उठाव के लिए डीओ और टीओ जारी किए गए हैं, जिसमें से 87 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान का उठाव हो चुका है।

कब तक चलेगी धान खरीदी?
धान खरीदी 31 जनवरी 2025 तक चलेगी। प्रदेश के समस्त पंजीकृत कृषकों को खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में धान विक्रय हेतु टोकन की सुविधा ऑनलाइन ऐप (टोकन तुंहर हांथ) एवं उपार्जन केन्द्रों में 25 जनवरी 2025 तक उपलब्ध कराई गई है। किसान अपनी सुविधा अनुसार तिथि का चयन कर नियमानुसार धान विक्रय कर सकते हैं।
27.78 लाख किसानों ने कराया पंजीकरण
राज्य सरकार द्वारा इस खरीफ वर्ष के लिए 27.78 लाख किसानों ने पंजीकरण कराया है, जिसमें 1.59 लाख नए किसान शामिल हैं। इस वर्ष 2739 उपार्जन केन्द्रों के माध्यम से 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दी किसानों को बधाई
राज्य सरकार द्वारा समर्थन मूल्य के तहत 24 जनवरी को 30 हजार 762 किसानों से 1.41 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई है, जिसके लिए 58 हजार 997 टोकन जारी किए गए थे। धान खरीदी के रिकॉर्ड टूटने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है।
उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर प्रदेश के किसानों के नाम संदेश लिखा, "आज हमारी सरकार ने एक और उपलब्धि हासिल करते हुए पिछले वर्ष के 144.92 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी के आंकड़े को पार कर लिया है। इस वर्ष धान खरीदी महापर्व के अंतर्गत अन्नदाताओं से अब तक हमने 145 लाख मीट्रिक टन से अधिक की धान खरीदी कर ली है। किसानों की प्रगति के लिए उनकी सुशासन की सरकार सदैव संकल्पित है।" वहीं किसान भी धान खरीदी की व्यवस्था से खुश नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में अडानी समूह करेगा बड़ा निवेश, CM विष्णुदेव साय से मुलाकात करने के बाद चेयरमैन का ऐलान












Click it and Unblock the Notifications